लंदन क्लासिक चेस टूर्नामेंट में वर्ल्ड चैंपियन भारत के विश्वनाथन आनंद के पास पांचवें राउंड में पहली बार जीत हासिल करने का मौका होगा। आनंद की भिड़ंत पांचवें राउंड में कम रैंकिंग वाले इंग्लैंड के गवाईन जोंस से होगी। टूर्नामेंट में अब तक खेले गए मैचों में इंग्लैंड के ल्यूक मैक्शेन के खिलाफ गलती के कारण जबकि अर्मेनिया के लेवोन एरोनियन के खिलाफ मौका चूक जाने के कारण आनंद जीत से वंचित रह गए। रूस के व्लादिमिर क्रैमनिक से भी उन्होंने ड्रा खेला। चार मैचों में तीन ड्रा और एक बाई के साथ आनंद के पास सिर्फ तीन अंक हैं। आनंद क्लासिकल चेस टूर्नामेंट के लगातार 17 मैचों से जीत हासिल नहीं कर सके हैं।