भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने ओलंपिक कांस्य विजेता खिलाड़ी साइना नेहवाल को डेनमार्क ओपन बैडमिंटन सुपर सीरीज जीतने पर बधाई दी है। आईओए के कार्यवाहक अध्यक्ष विजय कुमार मल्होत्रा ने कहा, ‘साइना का लगातार शानदार प्रदर्शन भारतीय खेलों खासकर, बैडमिंटन की बेहतरी का संकेत दे रहा है। मात्र 22 वर्ष की उम्र में साइना ने खुद को खेल में रुचि रखने वाले युवाओं के रोल माडल के तौर पर स्थापित कर लिया है। उन्होंने विश्व बैडमिंटन में अपना सर्वश्रेष्ठ स्थान बनाया है और वह इसकी हकदार हैं।’
मल्होत्रा ने भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह ग्रास रूट स्तर पर उदीयमान खिलाड़ियों को पूरी मदद कर रहा है और इसका परिणाम सामने दिखना अब शुरू हो गया है।