भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने फ्रांस के नाइम्स में खेली जा रही वर्ल्ड स्क्वैश टीम चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहली बार पहुंचकर इतिहास रच दिया है। टीम कोच साइरस पोंचा बताया दसवीं सीड भारत ने प्री-क्वार्टर फाइनल में आठवीं सीड हॉलैंड को 2-1 से लुढ़काया। इससे पहले भारत ने आयरलैंड और अर्जेंटीना को हराया था।
अनाका अलंकामोनी ने मिलोऊ वान डेर हेजर्दन को 11-8, 11-6, 11-5 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। लेकिन दीपिका पल्लीकल को अगले मैच में नताली ग्रिनहम से 8-11, 4-11, 3-11 से हार का सामना करना पड़ा। निर्णायक मैच में जोशना चिनप्पा ने ओरला नूम को 5-11, 11-9, 8-11, 11-2, 11-3 से हराकर भारत को क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया। भारत 1979 से शुरू इस प्रतियोगिता में तीसरी बार हिस्सा ले रहा है। वर्ष 2002 में भारतीय टीम 18वें और 2010 में 11वें स्थान पर रही थी।