एथलीट पिंकी प्रमाणिक ने उसे पुरुष करार देने वाली पुलिस की चार्जशीट को खारिज कर दिया है। पिंकी का कहना है कि शरीर में पुरुष हार्मोन ज्यादा बनने का मतलब यह नहीं है कि वह पुरुष है। उसने आरोप लगाया कि पुलिस साजिश रच कर उस पर आत्महत्या करने के लिए दबाव बना रही है। पिंकी ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से न्याय दिलाने की गुहार करेगी।
एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता पिंकी ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखकर शिकायत करूंगी कि पुलिस मुझे किस तरह सुनियोजित तरीके से परेशान कर रही है। मेरे खिलाफ साजिश रची गई है। मेरा मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। उसने आरोप लगाया कि उसके खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और धमकी के आरोप लगाने के बाद से पुलिस उसे और ज्यादा परेशान कर रही है।
हैदराबाद स्थित सीएफएसएल की उसे पुरुष बताने वाली रिपोर्ट को खारिज करते हुए पिंकी ने कहा कि अभी और जांच कराने की जरूरत है। उसने कहा कि मेरे चार फिजिकल टेस्ट कराए गए, वे सभी बेनतीजा रहे। लेकिन ब्लड टेस्ट के आधार पर आई सीएफएसएल की रिपोर्ट से मैं हैरान हूं। मालूम हो कि पिंकी की लिव इन पार्टनर अनामिका आचार्य ने उस पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था।