इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (आईओसी) के प्रतिबंध की मार झेल रहे भारतीय खिलाड़ियों को ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) से कुछ राहत मिली है। ओसीए ने खेल मंत्रालय को पत्र भेजकर साफ किया है कि आने वाले अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में भारतीय खिलाड़ी उसके झंडे तले भाग ले सकते हैं। साथ ही यह भी कहा है कि कोई भी भारतीय टीम का आधिकारिक अधिकारी इनमें भाग लेने का हकदार नहीं होगा।
हालांकि यह माना जा रहा था कि प्रतिबंध लगे रहने तक भारतीय खिलाड़ियों को आईओसी या ओसीए के झंडे तले खेलना पड़ सकता है। लेकिन अब तक इस बारे में न ही आईओसी ने और न ही ओसीए ने स्थिति साफ की थी। सूत्रों के मुताबिक ओसीए ने इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए खेल मंत्रालय को लिखा है कि खिलाड़ियों का नुकसान न हो इसे ध्यान में रखते हुए ओसीए के आयोजनों में भारतीय खिलाड़ी उसके झंडे तले प्रतिनिधत्व कर सकते हैं। लेकिन यह प्रतिनिधत्व किसी तरह से राष्ट्रीय नहीं कहलाएगा।
ओसीए के इस पत्र से अगले वर्ष 29 जून से छह जुलाई तक इंचियोन (कोरिया) में होने वाले एशियाई इंडोर व मार्शल आर्ट्स खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की भागीदारी पर मंडराते काले बादलों पर भी स्थिति साफ हो गई है। इन खेलों में भारतीय दल नहीं बल्कि भारतीय खिलाड़ी ही शिरकत कर सकेंगे।