भारत के स्टार भाला फेंक पैरा एथलीट सुमित अंतिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पेरिस पैरालंपिक में पुरुष भाला फेंक एफ64 वर्ग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। सुमित ने दूसरे प्रयास में 70.59 मीटर का थ्रो किया जो उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो रहा। इतना ही नहीं सुमित का यह थ्रो पैरालंपिक का रिकॉर्ड है। सुमित इस तरह टोक्यो पैरालंपिक के प्रदर्शन को दोहराने में सफल रहे। सुमित ने लगातार दूसरी बार पैरालंपिक में स्वर्ण जीता और सफलतापूर्वक अपने खिताब का बचाव किया।
सुमित के साथी एथलीट सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ चौथे नंबर पर रहे
सुमित ने 69.11 मीटर के थ्रो के साथ शुरुआत की, लेकिन अगले ही प्रयास में अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो करने में सफल रहे। इसके बाद उन्होंने तीसरे प्रयास में 66.66 मीटर का थ्रो किया, जबकि चौथा प्रयास उनका फाउल रहा। फिर उन्होंने 69.04 मीटर का थ्रो किया और छठे तथा अंतिम प्रयास में 66.57 मीटर का थ्रो किया। भारत के एक अन्य एथलीट संदीप ने एफ44 वर्ग में 62.80 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंका और वह चौथे स्थान पर रहे, जबकि संदीप संजय ने इसी वर्ग में 58.03 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और वह सातवें स्थान पर रहे।
सुनहरी कामयाबी पर राष्ट्रपति ने दीं शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदू मुर्मू ने सुमित की स्वर्णिम सफलता पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि पेरिस पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाले सुमित की कामयाबी पर पूरे देश को नाज है। उन्होंने कहा कि लगातार दो स्वर्ण पदक जीतकर सुमित खिलाड़ियों के विशिष्ट क्लब में शामिल हो गए हैं। इससे आने वाले समय में युवाओं को भी काफी प्रेरणा मिलेगी।
पीएम मोदी ने भी दीं बधाई
सुमित अंतिल की स्वर्णिम सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई संदेश भेजा। पीएम मोदी ने पेरिस पैरालंपिक में सुमित के प्रदर्शन को असाधारण करार दिया। पुरुषों की जेवलिन F64 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के लिए बधाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'सुमित ने असाधारण निरंतरता और उत्कृष्टता दिखाई है। उनके आगामी स्पर्धाओं के लिए शुभकामनाएं।'