भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने बुधवार को क्रमशः कुवैत और सिंगापुर को हराकर एशियन गेम्स की स्क्वाश प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस तरह से दोनों टीमों ने अपने लिए पदक पक्के किए। शीर्ष वरीयता प्राप्त और गत चैंपियन भारतीय पुरुष टीम ने क्वार्टर फाइनल में कुवैत पर 2-0 से जीत हासिल की।
अभय और चोटरानी जीते
वीर चोटरानी ने पहले एकल मुकाबले में बदर अलमोगरेबी के खिलाफ काफी पसीना बहाया, लेकिन आखिर में वह 34 मिनट तक चले मैच में 12-10, 8-11, 11-0, 11-5 से जीत हासिल करने में सफल रहे। भारत के शीर्ष रैंकिंग वाले खिलाड़ी और एकल में रजत पदक जीतने वाले अभय सिंह ने दूसरे एकल में अम्मार अल्तमिमी पर 11-3, 11-4, 11-8 से जीत हासिल करके टीम की सेमीफाइनल में जगह सुरक्षित की।
अनाहत के नेतृत्व में जीती महिला टीम
महिला वर्ग में अनाहत सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने क्वार्टर फाइनल में सिंगापुर को 2-0 से हराया। भारत की तरफ से तन्वी खन्ना ने शुरुआत करते हुए पहले एकल मैच में औ येओंग वाई इयन को 11-6, 4-11, 15-13, 11-1 से पराजित किया। यह मैच 32 मिनट तक चला। व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली अनाहत ने दूसरे एकल मुकाबले में केवल 22 मिनट में औ योंग वाई यान को 11-7, 11-3, 11-4 से हराकर भारत की सेमीफाइनल में जगह पक्की की।
गुरुवार को होगा सेमीफाइनल मुकाबला
इस तरह से मिश्रित युगल में कांस्य पदक जीतने वाली अनुभवी खिलाड़ी जोशना चिनप्पा को कोर्ट में उतरने की जरूरत नहीं पड़ी। सेमीफाइनल गुरुवार को खेला जाएगा। भारत ने पूल सी के अपने पहले दो मैचों में चीन और जापान को हराने के बाद मंगलवार को ग्रुप चरण के अपने आखिरी मैच में ईरान को 3-0 से हराया था।