ब्लिचफेल्ट ने सोशल मीडिया पर निकाली भड़ास
भारत ओपन पहली बार नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन अगस्त में होने वाली विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप को ध्यान में रखते हुए किया गया है। इससे पहले यह टूर्नामेंट केडी जाधव इंडोर हॉल में होता था। ब्लिचफेल्ट ने टूर्नामेंट के पहले दिन ही अस्वस्थ परिस्थितियों की आलोचना की थी। दूसरे दौर में बाहर होने के बाद भारत से लौटते समय उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा, 'भारत में बीते कुछ दिन बहुत मुश्किल रहे, मेरी उम्मीद से भी ज्यादा। मैंने मानसिक रूप से खुद को सबसे बुरे हालात के लिए तैयार किया था, लेकिन जो परिस्थितियां हमें मिलीं, वे बिल्कुल अस्वीकार्य और बेहद गैर-पेशेवर हैं।'
उन्होंने आगे कहा कि खिलाड़ी यहां प्रदर्शन करने और अपनी तैयारी पर ध्यान देने आते हैं, लेकिन मौजूदा हालात में केवल खेल पर फोकस करना बेहद कठिन हो जाता है। ब्लिचफेल्ट ने कहा, 'एक वर्ल्ड टूर सुपर 750 इवेंट में हर कोई तनाव और निराशा महसूस कर रहा है। शुरू में आप इसे मज़ाक में लेते हैं, लेकिन आखिरकार यह न तो मज़ेदार है और न ही खिलाड़ियों के लिए उचित।'