साथियान ने जीत के बाद कहा- किउ के खिलाफ मैच निश्चित रूप से काफी कठिन था। वह शीर्ष -10 खिलाड़ी हैं। यह एक हाई क्वालिटी मैच भी था। भारत की ओर से सबसे पहले साथियान मैच के लिए उतरे और डूडा को हराकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद भारत के दूसरे नंबर के खिलाड़ी हरमीत देसाई दूसरे सिंगल्स मुकाबले में जर्मनी के क्यूई (7-11, 9-11, 13-11, 3-11) से हार गए थे। तब स्कोर 1-1 से बराबर हो गया था।
वहीं, मानव ठक्कर ने उच्च रैंकिंग वाले रिकार्डो वाल्थर पर 13-11, 6-11, 11-8, 12-10 से जीत हासिल की और भारत को जर्मनी पर 2-1 की बढ़त दिलाई। आखिर में साथियान ने किउ पर जीत दर्ज कर टीम इंडिया को 3-1 से जीत दिलाई। 17वीं रैंकिंग पर स्थित भारत ने शनिवार को अपने पहले ग्रुप मैच में उज्बेकिस्तान को हराया था। प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को अपने ग्रुप में शीर्ष दो में जगह बनानी होगी।
वहीं, महिलाओं के ड्रॉ में भारत ने चेक गणराज्य पर 3-0 की जीत के साथ ग्रुप चरण की अपनी पहली जीत दर्ज की। मनिका बत्रा की अगुआई वाली टीम शनिवार को जर्मनी से हार गई थी। चेक गणराज्य के खिलाफ मनिका ने पहले सिंगल्स मुकाबले में हाना माटेलोवा को 11-6, 11-6, 8-11, 12-10 से हराया।
मनिका बत्रा
इसके बाद श्रीजा अकुला ने मार्केटा सेविसिकोवा और दीया चितले ने कैटरीना टोमानोव्स्का को हराकर टीम इंडिया को 3-0 से जीत दिलाई। श्रीजा ने मार्केटा को 3-0 से हराया, जबकि दीया को कैटरीना से कड़ी टक्कर मिली। दीया ने चेक खिलाड़ी को 11-13, 15-13, 12-10, 14-12 (3-1) से हराया।