पीएम मोदी ने कहा, 'आज भारत खेल की दुनिया में जगह बना रहा है। भारत का राष्ट्रगान आज दुनिया में हर पोडियम में सुनाई देता है। टॉप्स योजना ने इसे काफी बढ़ावा दिया है। खेलो इंडिया गेम्स, स्पोर्ट्स के लिए कोचिंग, स्पोर्ट्स मेडिसिन, आदि में युवाओं के लिए काफी जगह बनी है। हम 2036 में ओलंपिक के मजबूत दावेदार बनकर उभर रहे हैं।'
खेल की दुनिया में भारत बना रहा अपनी जगह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत खेल की दुनिया में अपनी जगह बना रहा है। उन्होंने कहा, 'हम अक्सर अपना राष्ट्रगान सुनते हैं और बहुत बार तिरंगे को ऊंचा होते देखते हैं। टॉप्स योजना ने बड़ी सफलता हासिल की है। चाहे खेलो इंडिया गेम्स हों, यूनिवर्सिटी गेम्स, बीच गेम्स, विंटर गेम्स, खेल प्रशिक्षण, स्पोर्ट्स मेडिसिन या स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन, भारत बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है।'
2036 ओलंपिक की मेजबानी के मजबूत दावेदार
पीएम मोदी ने कहा कि भारत का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है और वह 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए मजबूत दावेदार है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा, 'ओलंपिक में करीब 40 खेल विधाएं और लगभग 350 स्पर्धाएं होती हैं। यह दुखद है कि हम इनमें से कम से कम दो-तिहाई स्पर्धाओं में हिस्सा तक नहीं ले पाते, क्योंकि हम क्वालिफाई ही नहीं कर पाते।'
2036 तक तीन-चौथाई स्पर्धाओं में भाग लेने का लक्ष्य
- उन्होंने कहा कि भारत को अपने खेल आधार को व्यापक बनाने और यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि 2036 ओलंपिक में खिलाड़ी ज्यादा से ज्यादा खेल विधाओं में प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार रहें। कम उम्र में प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें विकसित करने के लिए टैलेंट हंट इसी व्यापक प्रयास का हिस्सा होगा।
- पीएम मोदी ने कहा, 'हमने तय किया है कि 2036 में हमें कम से कम तीन-चौथाई स्पर्धाओं में हिस्सा लेना चाहिए। हम पांच से 15 साल की उम्र के बच्चों के लिए देशव्यापी टैलेंट हंट शुरू कर रहे हैं। पांच से 15 उम्र के बच्चों में प्रतिभा ढूंढने के लिए गांव-गांव, स्कूल-स्कूल एक टैलेंट हंट चलाया जाएगा, ताकि देश के हर कोने में प्रतिभाओं की पहचान की जा सके। उन्हें विश्वस्तरीय खिलाड़ी बनने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। '