अब तक हॉकी इंडिया लीग में अजेय रहने वाली दिल्ली वेवराइडर्स को सेमीफाइनल से ठीक पहले अपने अंतिम लीग मुकाबलों में घरेलू दर्शकों के समक्ष पहली हार का सामना करना पड़ा। उत्तर प्रदेश विजाडर्स ने बृहस्पतिवार को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में दिल्ली वेवराइडर्स के विजयी क्रम को तोड़ते हुए 4-1 से एकतरफा जीत हासिल की।
हालांकि इस हार से दिल्ली की टीम की अंक तालिका में सर्वोच्चता पर कोई फर्क नहीं पड़ा। वह 49 अंक लेकर टॉप पर रहे और अब सेमीफाइनल में उनकी भिड़ंत जेपी पंजाब वारियर्स से होगी। यूपी विजाडर्स ने इस जीत के साथ अपने अंकों की संख्या 32 करते हुए पंजाब वारियर्स को चौथे स्थान पर ढकेल दिया।
सेमीफाइनल से ठीक पहले दिल्ली के कोच अजय कुमार बंसल को टीम के सभी खिलाड़ियों को मौका देने का प्रयोग भारी पड़ा। हालांकि पहले दो क्वार्टर में दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकी। लेकिन तीसरा क्वार्टर शुरू होते ही मैन ऑफ द मैच जेरोएन हर्जबर्गर ने खूबसूरत मैदानी गोल के जरिये यूपी को बढ़त दिलाई। 49वें मिनट में काउंटर अटैक पर सिमैया और उथप्पा के कांबिनेशन पर उथप्पा ने गोल दाग स्कोर 2-0 कर दिया।
इसके बाद चौथे क्वार्टर में दिल्ली की टीम ने हमले तेज कर दिए लेकिन काउंटर अटैक पर पी सोमन्ना ने खूबसूरत गोल कर बढ़त 3-0 कर दी। इसके बाद दिल्ली को लगातार चार पेनाल्टी कार्नर मिले। चौथे पेनाल्टी कार्नर पर एंड्रयू हेवर्ड ने गोल कर स्कोर 1-3 किया लेकिन 30 सेकंड बाद ही नितिन सिमैया ने डी में अनमार्ग खड़े गुणाशेखर को पास दिया, जिन्होंने ग्राउंडेड शॉट पर जैकोबी को छकाते हुए 4-1 से यूपी को जीत दिला दी।