18 से 24 फरवरी तक यहां के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में होने वाले हीरो हॉकी वर्ल्ड लीग राउंड-2 के महिला एवं पुरुष हॉकी टूर्नामेंट के टिकट बृहस्पतिवार को जारी कर दिए गए। यह टिकट स्टेडियम के गेट नंबर छह से रोजाना सुबह दस से छह बजे तक खरीदे जा सकते हैं।
इसके अलावा यह दिल्ली के 20 मोबाइल स्टोर्स से भी खरीदे जा सकते हैं। ये आउटलेट कनाट प्लेस, साउथ एक्सटेंशन पार्ट वन, ग्रेटर कैलाश पार्ट टू, कमला नगर, किंग्सवे कैंप, न्यू फ्रेंड्स कालोनी, दिल्ली कैंट, रोहिणी सेक्टर नौ, पीतमपुरा और अन्य जगहों पर हैं। टिकट का मूल्य जनरल स्टैंड के लिए 50 रुपये जबकि हेरिटेज ब्लाक के लिए 1000 रुपये रखी गई हैं जो कि एक दिन के लिए वैध रहेंगी।
इस टूर्नामेंट में महिला एवं पुरुष वर्ग की छह-छह देशों की टीमें हिस्सा लेंगी और इनमें पहले दो स्थान पर आने वाली टीमों को जून में होने वाले हॉकी वर्ल्ड लीग के राउंड-3 में खेलने का अधिकार मिलेगा।
हीरो एफआईएच हॉकी वर्ल्ड लीग राउंड-2 में भारत के अलावा बांग्लादेश, ओमान, चीन, फिजी और आयरलैंड की टीमें अपनी दावेदारी पेश करेंगी। महिला वर्ग में भारत के अलावा जापान, फिजी, रूस, मलेशिया और कजाकिस्तान की टीमें अपना दमखम दिखाएंगी।