हॉकी इंडिया लीग के आगाज की सेज सज चुकी है। लेकिन लीग शुरू होने से पहले ही दिल्ली वेवराइडर्स की मुश्किलें शुरू हो गई हैं। इस टीम ने नीदरलैंड के स्टार ड्रैग फ्लिकर टाइके टेकेमा को सस्ते दामों में खरीद तो लिया लेकिन पीठ की चोट की समस्या के चलते उन्होंने इस टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है। वहीं इस लीग के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों का भाग लेना अब तक निश्चित नहीं हो पाया है। लीग के लिए किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी को अब तक वीजा नहीं मिल पाया है। वेवराइडर्स की टीम में दो पाकिस्तानी खिलाड़ी शामिल हैं।
टीम के मुख्य सलाहकार अजीत पाल सिंह ने खुलासा किया कि टेकेमा नहीं आ रहे हैं। लेकिन पाकिस्तानी खिलाड़ी मुहम्मद रिजवान सीनियर व जूनियर को लेकर भी अब तक स्थिति साफ नहीं है। इस लीग में कुल नौ पाकिस्तानी खिलाड़ी शिरकत कर रहे हैं। अगर पाकिस्तानी खिलाड़ी वीजा के चलते नहीं आ पाते हैं तो सबसे ज्यादा नुकसान मुंबई मैजिशिएंस को उठाना पड़ेगा। उसने चार पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया है।
वेवराइडर्स ने भारतीय जूनियर टीम के कोच रहे अजय कुमार बंसल को अपना कोच घोषित किया। बंसल का कहना है कि टेकेमा की कमी नहीं खलने पाएगी। उनके पास ड्रैग फ्लिकर रूपिंदर पाल सिंह हैं। साथ ही इस लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी सरदार सिंह टीम के कप्तान होंगे। टीम के सीईओ अमर सिन्हा ने घोषणा की कि 14 जनवरी को ध्यानचंद स्टेडियम में जेपी पंजाब वारियर्स के साथ होने वाले उद्घाटन मुकाबले के लिए लोगों को मुफ्त प्रवेश के लिए खोला जाएगा। साथ ही पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं आते हैं तो उनके स्थान पर उपलब्ध दूसरे खिलाड़ियों को लिया जाएगा।