भारत ने शनिवार को एशियाई खेलों की स्वर्ण पदकधारी जापान को 2-0 से हराकर सुल्तान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट में अपना विजयी अभियान शुरू किया।
वरूण कुमार ने 24वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद सिमरनजीत सिंह ने 55वें मिनट में कप्तान मनप्रीत सिंह के शानदार पास से डाइविंग मैदानी गोल दागा।
इससे पांच बार की चैम्पियन टीम पूरे तीन अंक जुटाने में सफल रही। भारतीय टीम अपने अगले लीग मैच में रविवार को कोरिया से भिड़ेगी जिसके बाद उसका सामना मलेशिया (26 मार्च), कनाडा (27 मार्च) और पोलैंड (29 मार्च) से होगा।
राउंड रोबिन लीग चरण से दो शीर्ष टीमें 30 मार्च को होने वाले फाइनल में खेलेंगी। बता दें कि पिछली बार भारत छह टीमों में पांचवें स्थान पर रहा था लेकिन युवा टीम ने कुछ सीनियर खिलाड़ियों के साथ मिलकर अच्छा प्रदर्शन किया।
भारत ने 1985, 1991, 1995, 2009 और 2010 में यह खिताब जीता है। वहीं, 2016 के फाइनल में उसे ऑस्ट्रेलिया ने हराया और 2017 में उसने कांस्य पदक जीता था।