भारत के चीफ डच हॉकी उस्ताद सोएर्ड मारिने ने सरदार की कप्तान की भूमिका की बाबत कहा, 'सरदार कोर ग्रुप के हमारे लीडर्स में एक हैं। पिछले दो टूर्नामेंट में टीम से बाहर रहने के बाद सरदार सिंह के लिए यह अपना कौशल दिखाने का मौका है। मनप्रीत सिंह की गैरमौजूदगी में उन्हें भारत के कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। न्यूजीलैंड दौरे पर चार खिलाड़ियों ने जिस तरह सीनियर टीम के लिए अपने इंटरनेशनल करियर का आगाज किया था उसी तरह अजलान शाह कप टीम में शामिल किए नए खिलाड़ियों के लिए शीर्ष टीमों के खिलाफ इंटरनेशनल अनुभव पाने का मौका है।'
भारत के चीफ कोच मराइन ने 2020 के टोक्यो ओलंपिक के मद्देनजर देश की भारत की सीनियर हॉकी टीम के बड़ा पूल बनाने के मकसद से जूनियर कोर ग्रुप के खिलाड़ियों को आजमाने के प्रयोग को जारी रखा है। न्यूजीलैंड दौरे में सीनियर भारतीय टीम में मौका पाने वाले जूनियर टीम के कप्तान मिडफील्डर विवेक सागर प्रसाद और दिलप्रीत सिंह ने अपनी चमक दिखाई थी। अब जूनियर कोर ग्रुप के फारवर्ड शिलानंद लाकड़ा और फुलबैक मनदीप मोर के साथ सीनियर कोर में शामिल फॉरवर्ड सुमित कुमार (जूनियर) को अजलान शाह कप से भारत की सीनियर टीम के लिए अंतर्राष्ट्रीय करियर का आगाज करने के साथ अपनी अलग पहचान बनाने का मौका मिलने की पूरी उम्मीद है।
शोर्ड मारिन, पुरूष हॉकी कोच
- फोटो : Scroll.in
उन्होंने कहा, 'यह टूर्नामेंट हमें खिलाड़ियों का बड़ा पूल बनाने में मददगार साबित होगा। दुनिया की टॉप टीमों के खिलाफ अपना पहला बड़ा टूर्नामेंट नौजवान खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती होगा। टीम के सीनियर खिलाड़ियों के लिए यह नौजवान खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर उन्हें इन बड़े टूर्नामेंट के लिए ढालने में मदद करने का भी मौका होगा। यह टूर्नामेंट भारतीय खिलाड़ियों के लिए दुनिया की टॉप टीमों के खिलाफ अपनी कूवत दिखा भविष्य के टूर्नामेंट के लिए टीम में अपनी जगह पक्की करने का मौका होगा।'
टीम इस प्रकार हैः-
गोलकीपर: सूरज करकेरा, कृष्ण बी पाठक।
डिफेंडर: वरुण कुमार, अमित रोहिदास, दिपसान टिर्की, सुरेंदर कुमार, मनदीप मोर, नीलम संजीव।
मिडफिल्डर: एसके उथप्पा, सरदार सिंह (कप्तान), सुमित, नीलकांत शर्मा, सिमरनजीत सिंह।
फॉरवार्ड: गुरजंत सिंह, रमनदीप सिंह (उपकप्तान), तलविंदर सिंह, सुमित कुमार (जूनियर), शैलानंद लाकड़ा।