हॉकी विश्वकप का मुकाबला देखने पहुंचे दिग्गज
- फोटो : PTI
भारत और नीदरलैंड के बीच शनिवार को हॉकी विश्व कप का रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस दौरान क्रिकेट जगत के दिग्गज राहुल द्रविड़ और स्टीव वॉ भी मैच का लुत्फ उठाते नजर आए। वहीं, बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन की मौजूदगी ने इस शाम को और खास बना दिया। एक तरफ मैदान पर भारत और नीदरलैंड के खिलाड़ी जीत के लिए पसीना बहा रहे थे, तो दूसरी तरफ दर्शक दीर्घा में क्रिकेट और बॉलीवुड की चर्चित हस्तियां भारतीय हॉकी टीम का हौसला बढ़ाती नजर आईं।
द्रविड़ के लिए हॉकी सिर्फ दूसरा खेल नहीं
- राहुल द्रविड़ का हॉकी से रिश्ता आज का नहीं है।
- क्रिकेट की दुनिया में 'द वॉल' के नाम से मशहूर होने से बहुत पहले द्रविड़ हॉकी की स्टिक थाम चुके थे।
- बंगलूरू के सेंट जोसेफ बॉयज हाई स्कूल में पढ़ाई के दौरान द्रविड़ स्कूल की हॉकी टीम का हिस्सा थे और मिडफील्डर के तौर पर खेलते थे।
- दिलचस्प बात यह है कि उसी टीम में आगे चलकर भारत के लिए खेलने वाले हॉकी खिलाड़ी अनिल एल्ड्रिन और संदीप सोमेश भी उनके साथी थे।
- यानी जिस खेल को भारत की हॉकी विरासत का हिस्सा मानकर द्रविड़ आज स्टैंड्स में बैठे थे, उससे उनका अपना रिश्ता बचपन से जुड़ा हुआ है।
- जुलाई 2026 में अपने उन दिनों को याद करते हुए द्रविड़ ने भी कहा था कि उन्हें हॉकी खेलना बेहद पसंद था। उन्होंने भारतीय हॉकी के इतिहास, उसकी विरासत और परंपरा की जमकर तारीफ की थी।
2018 में भी हॉकी के लिए वक्त निकाला था
- हॉकी के प्रति द्रविड़ का लगाव मैदान से बाहर भी कई बार दिखाई दे चुका है। साल 2018 में न्यूजीलैंड में अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के दौरान भारतीय टीम के कोच रहते हुए द्रविड़ ने समय निकालकर भारतीय हॉकी टीम का मुकाबला देखने पहुंचे थे।
- तौरंगा में भारत और जापान के बीच हुए उस मुकाबले में भारतीय टीम ने जापान को 6-0 से करारी शिकस्त दी थी। मैच देखने पहुंचे द्रविड़ के समर्थन को भारतीय हॉकी टीम ने भी महसूस किया था। उस समय गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने द्रविड़ के वहां पहुंचने के लिए उनका सार्वजनिक तौर पर शुक्रिया अदा किया था।
- इसलिए वेगनर स्टेडियम में द्रविड़ की मौजूदगी महज एक सेलिब्रिटी विजिट नहीं थी। यह उस खिलाड़ी का हॉकी के प्रति प्यार था, जो क्रिकेट की बुलंदियों पर पहुंचने के बावजूद अपने पुराने खेल को नहीं भूला।
स्टीव वॉ और अभिषेक बच्चन ने भी बढ़ाई रौनक
राहुल द्रविड़ के साथ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और क्रिकेट के दिग्गज स्टीव वॉ भी मुकाबला देखने पहुंचे। दोनों को एक ही मैदान की दर्शक दीर्घा में देखना अपने आप में क्रिकेट प्रशंसकों के लिए खास नजारा रहा। वहीं बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन की मौजूदगी ने इस खेल शाम में ग्लैमर का तड़का लगा दिया। हॉकी से जुड़े अभिषेक बच्चन के पुराने जुड़ाव को देखते हुए उनका स्टेडियम पहुंचना भी प्रशंसकों के लिए खास रहा। इस तरह वागेनर स्टेडियम में एक तरफ हॉकी का रोमांच था, तो दूसरी तरफ क्रिकेट और बॉलीवुड की दुनिया के बड़े नाम भारतीय खेल संस्कृति की एक खूबसूरत तस्वीर पेश कर रहे थे।
नीदरलैंड ने भारत को हराया
- फोटो : Hockey India (x)
क्या हुआ मैच में?
- मुकाबले के पहले दो क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। नीदरलैंड को कई पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस ने शानदार बचाव करते हुए मेजबान टीम को गोल करने से रोक दिया। हाफ-टाइम तक स्कोर 0-0 रहा।
- तीसरे क्वार्टर में नीदरलैंड ने अपना दबाव बढ़ाया और 40वें मिनट में ड्यूको ने फील्ड गोल कर मेजबान टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद चौथे क्वार्टर में नीदरलैंड ने भारत पर दबाव बनाए रखा।
- 50वें मिनट में जेप ने गोल करके नीदरलैंड की बढ़त को 2-0 कर दिया। हालांकि, भारत ने हार नहीं मानी और अगले ही मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर टीम की वापसी की उम्मीद जगा दी। स्कोर 2-1 होने के बाद भारतीय टीम ने बराबरी के लिए लगातार प्रयास किया।
- लेकिन नीदरलैंड ने भारत को ज्यादा समय नहीं दिया। 54वें मिनट में थाइस वान डैम ने गोल कर मेजबान टीम को 3-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी। इसके बाद भारत ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन डच डिफेंस को भेदने में कामयाब नहीं हो सका।