क्रिकेट के बाद अब हॉकी में छह साल बाद पाकिस्तान के साथ संबंधों की बहाली होने जा रही है। हॉकी इंडिया पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय श्रंखला खेलने को तैयार हो गया है। पाकिस्तान हॉकी संघ ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए हॉकी इंडिया को बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी जनरल नरिंदर बत्रा ने इस न्योते को स्वीकार करते हुए पाकिस्तान जाने का निर्णय लिया है। बत्रा दोनों देशों में होने वाली श्रंखलाओं का कार्यक्रम तय करने के लिए 29 दिसंबर को पाकिस्तान रवाना हो रहे हैं।
बत्रा के मुताबिक वह पाकिस्तान हॉकी संघ के अध्यक्ष कासिम जिया व सेक्रेटरी जनरल आसिफ बाजवा से मुलाकात करने के लिए पाकिस्तान की दो दिनों की यात्रा पर 29 दिसंबर को रवाना हो रहे हैं। इस बातचीत में दोनों देशों के बीच होने वाली श्रंखलाओं का कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा। बत्रा का कहना है कि वह पहले पाकिस्तान को भारत आने का न्योता देने जा रहे हैं।
सब कुछ ठीक ठाक रहा तो अगले वर्ष मार्च माह में पांच टेस्ट मैचों की श्रंखला के लिए पाकिस्तान की टीम यहां आ सकती है। इसके बाद मई माह में भारतीय टीम पाकिस्तान की यात्रा कर सकती है। यहां भी पांच टेस्ट मैच खेले जाएंगे। बत्रा का कहना है कि इस कार्यक्रम पर 29 दिसंबर को ही मुहर लग जाने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि दोनों देशों के बीच अंतिम बार श्रंखला 2006 में खेली गई थी। दोनों ही टीमों ने एक दूसरे के यहां आकर तीन-तीन टेस्ट खेले थे।