पाकिस्तान के आगामी हॉकी विश्व कप में हिस्सा लेने की स्थिति आखिरकार स्पष्ट हो गई । एक क्रिकेट फ्रेंचाइजी के मालिक बोर्ड में बतौर स्पॉन्सर आए और पैसों को तरस रही राष्ट्रीय संघ की मुसीबतें दूर कर दी।
पाकिस्तान हॉकी संघ के सचिव शाहबाज अहमद ने जानकारी दी कि पाकिस्तान सुपर लीग की फ्रेंचाइजी पेशावर जल्मी के मालिक जावेद अफरीदी ने पीएचएफ के साथ बड़ा स्पॉन्सरशिप करार किया है, जो 2020 तक चलेगा।
स्पॉन्सरशिप करार में सीनियर और जूनियर राष्ट्रीय टीमों के घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दौरे शामिल होंगे। शाहबाज ने कहा, 'हमारे लिए बड़ी राहत की खबर है। पेशावर जल्मी फ्रेंचाइजी के मालिक जावेद अफरीदी ने पाकिस्तान हॉकी के साथ स्पॉन्सरशिप करार किया है। पाकिस्तान की टीम विश्व कप खेलने के लिए भारत जाएगी।'
शाहबाज ने हालांकि यह नहीं बताया कि स्पॉन्सरशिप कितनी रकम की हुई है। बता दें कि हॉकी विश्व कप भुवनेश्वर में 28 नवंबर से 16 दिसंबर तक खेला जाएगा। पीएचएफ ने इससे पहले चेतावनी दी थी कि अगर सरकार ग्रांट नहीं पास करेगी तो पाकिस्तान का विश्व कप में हिस्सा लेना मुश्किल हो जाएगा। इमरान खान की सरकार ने रविवार तक ग्रांट पास नहीं की जबकि हॉकी पाकिस्तान का राष्ट्रीय खेल है।
बहरहाल, अब पाकिस्तान हॉकी की समस्या दूर हो गई है और पीएचएफ सचिव का कहना है कि उन्हें अपने खिलाड़ियों और अधिकारियों के वीजा का इंतजार है।