ओडिशा अपनी राजधानी भुवनेश्वर में आगामी हॉकी विश्व कप की मेजबानी को यादगार बनाने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ रहा है। इसी के चलते ओडिया भाषा में एक जोशीला गीत तैयार किया गया है, जो बुधवार को रिलीज हुआ।
हॉकी विश्व कप 2018 - होस्ट पार्टनर ने अपने आधिकारिक ट्विटर पर इस गीत का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'हर कप को गीत की जरूरत है। ओडिशा के लिए भी एक। मिका सिंह द्वारा ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप भुवनेश्वर 2018 के लिए ओडिया चीयर-अप गीत पेश है।'
इस गीत का टाइटल 'असा कारिबा बोबल, ओडिशा ना हेबा ग्लोबल' है। यह गीत संबलपुरी धुन पर आधारित है, जिसमें मशहूर ओडिशा-- ओडिशी और संबलपुरी नृत्य के डांसर्स नजर आ रहे हैं। बता दें कि 16 टीमों वाले विश्व कप की शुरुआत 28 नवंबर को होगी और फाइनल मैच 16 दिसंबर को खेला जाएगा।
भुवनेश्वर ने 2014 में पहले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी की थी। इसके बाद से यह हॉकी इवेंट्स के लिए हब बन चुका है। ओडिशा की राज्य सरकार भी राष्ट्रीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों की आधिकारिक स्पॉन्सर है।