ओलंपियन महाराज कृष्ण कौशिक को बुधवार को भारतीय हॉकी टीम का नया कोच नियुक्त किया गया है।
भारतीय टीम के लचर प्रदर्शन के कारण ऑस्ट्रेलियाई कोच माइकल नोब्स के बर्खास्त किए जाने के दो दिन के अंदर ही कौशिक को उनकी जगह लाया गया है।
कौशिक 1980 में मास्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य थे। भारतीय टीम ने रिकॉर्ड आठवीं बार यहीं पर स्वर्ण पदक जीता था।
नव नियुक्त कोच कौशिक हॉकी इंडिया के हाई परफारमेंस डायरेक्टर हॉलैंड टीम के पूर्व चीफ कोच रोलैंट ओल्टमेंस को रिपोर्ट करेंगे। फिलहाल ओल्टमेंस दोहरी भूमिका में रहेंगे।
हाई परफारमेंस डायरेक्टर के अलावा वह टीम के मुख्य कोच भी हैं। वह कोच तब तक बने रहेंगे जब तक कि नोब्स की जगह कोई दूसरा उपयुक्त नहीं मिल जाता।
इससे पहले वर्ल्ड कप क्वालीफाई करने के अंतिम अवसर एशिया कप से महज छह सप्ताह पहले भारतीय टीम के विदेशी कोच माइकल नोब्स को हटा दिया गया।
नोब्स भारतीय टीम के चौथे विदेशी कोच हैं जिन्हें बीच कार्यकाल में ही अपना पद छोड़ना पड़ा है।
हॉकी इंडिया के ही निर्देश पर साई ने सोमवार को नोब्स की बरखास्ती का पत्र निकाला है। खुद ओल्टमेंस ने स्वीकार किया है कि हॉलैंड में खराब प्रदर्शन के बाद उनकी नोब्स से कोचिंग को लेकर लंबी बात हुई।
ओल्टमेंस का कहना है कि एशिया कप में वह टीम के कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। कौशिक उनके साथ होंगे। इसके बाद नए विदेशी कोच को टीम की कमान दी जाएगी। कौशिक तब भी टीम के साथ जुड़े रहेंगे।
इससे पहले जर्मनी के गेरार्ड रॉक, ऑस्ट्रेलिया के रिक चार्ल्सवर्थ व स्पेन के होसे ब्रासा की छुट्टी हो चुकी है।