स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया के बेंगलुरु स्थित सेंटर में इंडियन विमेंस हॉकी टीम के खिलाड़ियों की परीक्षा शुरू हो गई है। टीम के चीफ कोच हरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को खिलाड़ियों की फिटनेस लेवल को जांचने के लिए यो-यो टेस्ट का पहला चरण शुरू किया।
कोच का कहना है कि इस सीजन कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स और वर्ल्ड कप जैसे तीन बड़े टूर्नामेंट होने हैं। इसलिए नेशनल हॉकी टीम के खिलाड़ी ज्यादा तेज और फिट होने के लिए ट्रैक पर जमकर पसीना बहा रहे हैं। खिलाड़ियों की मेहनत यहां होने वाले यो-यो टेस्ट में साफ दिखाई दे रही है।
इस दौरान कैंप में पहले चरण में कुल 33 खिलाड़ियों को रिकवरी टेस्ट से होकर गुजरना पड़ रहा है। साथ ही टीम के साइंटिफिक सलाहकार वेन लैम्बार्ड के निगरानी में ऐरोबिक समेत कुछ खास तरह के अभ्यास करवाए जा रहे हैं।
यो-यो टेस्ट के शुरुआती दौर में खिलाड़ियों के फिटनेस स्कोर से कोचिंग स्टाफ काफी खुश हैं। इस टेस्ट में खिलाड़ियों का अधिकतम स्कोर 21.1, जिस तक चार खिलाड़ी पहुंचने में कामयाब रहे। वहीं, टेस्ट में 17.7 सबसे न्यूनतम स्कोर रहा।