हॉकी इंडिया की इन दिनों काफी चर्चा हो रही है। हॉकी में महिला और पुरूष दोनों ही टीमों ने काफी बेहतर प्रदर्शन किया है। दोनों ही टीमों ने हाल ही में एशिया कप में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की है।
ऐसी जीत के बाद भारतीय पुरूष हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मरीन्ये ने कहा है कि यदि खिलाड़ियों ने गेंद छीनने के कौशल में सुधार नहीं किया तो भारत विश्व रैंकिंग में छठे नंबर से आगे नहीं बढ़ पाएगा। फिलहाल भारतीय पुरुष हॉकी टीम विश्व रैंकिंग में छठे नंबर पर है।
एशिया कप जीतने के बाद भारतीय टीम हॉकी बेंगलुरु में विश्व लीग फाइनल्स की तैयारियां कर रही है जो एक से दस दिसंबर के बीच भुवनेश्वर में होगी। कोच मरीन्ये ने कहा, 'मेरा मानना है कि हम प्रत्येक विभाग में सुधार कर सकते हैं। खिलाड़ियों को गेंद छीनने के अपने कौशल में सुधार करना होगा, क्योंकि जवाबी हमला करना भारत का एक मजबूत पक्ष है। हम इसमें काफी अच्छे हैं और हम किसी भी देश के लिए खतरा बन सकते हैं।
पढ़ेंः- महिला एशिया कप हॉकी खिताब जीतने वाली टीम के सदस्यों को मिलेगा 1-1 लाख का ईनाम
मरीन्ये ने कहा, 'कुछ मौकों पर हम बहुत अच्छा प्रदर्शन करते हैं, लेकिन कई बार हमारा प्रदर्शन खराब रहता है। अगर हमने इस पर काम नहीं किया तो प्रतिद्वंद्वी टीमें हमारे खिलाफ गोल करेंगी। हमें अपनी निरंतरता पर काम करने की जरूरत है।'