भारतीय महिला हॉकी टीम ने एक गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए दूसरे मैच में दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने पहला मैच भी इसी अंतर से जीता था।
तीसरा और अंतिम मैच शुक्रवार को खेला जाएगा। भारतीय टीम के लिए कप्तान रानी रामपाल (37वें मिनट) और नवजोत कौर (50वें मिनट) ने गोल किए। कोरिया के लिए एकमात्र गोल 19वें मिनट में ली स्युंगजू ने किया। दोनों टीमों ने तेज शुरुआत की। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों को पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारत और कोरिया दोनों की गोलकीपरों ने विरोधी टीम को गोल से महरूम रखा।
दूसरे क्वार्टर के चौथे मिनट में कोरिया ने स्युंगजू के गोल की बदौलत बढ़त बनाई। मेजबान टीम मध्यांतर तक 1-0 से आगे थी। दूसरे हाफ में भारत ने अच्छी शुरुआत की और 37वें मिनट में रानी के शानदार मैदानी गोल से बराबरी हासिल की। भारत ने कोरिया पर दबाव बनाए रखा और 50वें मिनट में नवजोत के गोल की मदद से 2-1 की बढ़त बनाई जो निर्णायक साबित हुई।