वह बताती हैं, 'महिला विश्व कप से पहले बेंगलुरू शिविर में 'डी' के भीतर अपनी निशानेबाजी बेहतर करने के साथ नियोजित हमलों पर ध्यान लगाएंगे। हम डी के भीतर और अचूक निशाने लगा कर गोल करने पर शिविर में पूरी तवज्जो देंगे। रही बात पेनल्टी कॉर्नर की तो हमारे पास इनका अच्छा इस्तेमाल कर गोल करने में माहिर गुरजीत कौर जैसी बढ़िया ड्रैग फ्लिकर हैं।'
'हम महिला विश्व कप में ज्यादा से ज्यादा पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने की कोशिश करेंगे जिससे कि गुरजीत को अपना कौशल दिखाकर इन पर गोल करने के ज्यादा से ज्यादा मौके मिल सकें। यदि जरूरत हुई तो हम पेनल्टी कॉर्नर पर इनडायरेक्ट भी गोल करने की कोशिश करेंगे। हमारा मकसद है पेनल्टी कॉर्नर का हर लिहाज से बेहतर इस्तेमाल कर गोल करना। टीम की बेहतरी के लिए जो भी मुमकिन होगा हमारी टीम की लड़कियां महिला विश्व कप में करेंगी।'
'हमारी टीम की लड़कियों ने स्पेन दौरे सही समय पर अपने खेल के स्तर को उंचा उठाया है। लड़कियों को हम जिस तरह से खिलाना चाहते हैं वे खुद को उसी के मुताबिक ढाल रही हैं। स्पेन में उसके खिलाफ खेलने पर हमें यह मालूम पड़ा कि हमें रणनीतिक रूप से मजबूत टीमों के खिलाफ उत्कृष्ट खेल दिखाने की जरूरत है। हमें महिला विश्व कप में पहला मैच मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ खेलना है और इसके लिए हमें अपनी फिटनेस और रफ्तार पर मेहनत की जरूरत है। बेंगलुरू शिविर में अपनी फिटनेस बेहतर करने का मौका रहेगा।'