भारतीय महिला टीम बेहद शर्मनाक प्रदर्शन करते हुए ग्लासगो नेशनल हॉकी सेंटर में चैंपियंस चैलेंज वन टूर्नामेंट के अपने दूसरे मैच में स्कॉटलैंड के हाथों 0-4 से पिट गई।
महिला टीम की टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरी हार है। इससे पहले मैच में कोरिया ने उसे 4-2 से हराया था। भारत का पूल ‘ए’ में अब अगला मुकाबला बुधवार को बेल्जियम के साथ होना है।
भारतीय टीम ने पहले मैच की गलतियों से कोई सबक नहीं सीखा और मेजबान स्कॉटलैंड के खिलाफ उन्हीं गलतियों को फिर दोहरा दिया।
लय में नहीं दिखी टीम इंडिया
भारतीय टीम ने हालांकि मैच की शुरुआत में जरूर कुछ संघर्ष किया लेकिन उसके बाद टीम का खेल बिखरता चला गया।
स्कॉटलैंड ने चौथे मिनट में पेनल्टी कार्नर हासिल किया लेकिन यह बेकार गया। भारतीय गोलकीपर ने 11वें मिनट में स्कॉटलैंड का एक और मौका बचा लिया। गोलकीपर योगिता बाली को स्थानापन्न के तौर पर लाया गया और उन्होंने भी कुछ अच्छे बचाव किए।
मेजबान टीम ने आखिरकार 30वें मिनट में जाकर निक्की किड के गोल से अपना खाता खोला। एक गोल होने के बाद स्कॉटलैंड ने भारतीय गोल पर दनादन हमले बोले।
खाता भी नहीं खोल सकी भारतीय टीम
तीन मिनट बाद ही स्कॉटलैंड की बढ़त 2-0 हो गई। दूसरे हाफ में 41वें मिनट में विक्की बूंस ने स्कोर 3-0 कर दिया। मैच के 66वें मिनट में बेकी वार्ड ने स्कॉटलैंड के लिए चौथा गोल दागा।
भारतीय खिलाड़ियों ने अपना खाता खोलने की भरपूर कोशिश की लेकिन वे स्कॉटलैंड की मजबूत रक्षापंक्ति को नहीं भेद पाई।
भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट से पहले आयरलैंड के दौरे में सीरीज जीती थी लेकिन उस सीरीज का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में अभी तक कहीं भी दिखाई नहीं दिया है।
पूनम रानी और छनछन ने लगाए 'शतक'
भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य पूनम रानी और छनछन देवी ने 100 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे कर लिए हैं।
पूनम ने जहां भारतीय टीम के यूरोपीय दौरे पर आयरलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में अपना 100वां मैच पूरा किया वहीं छनछन ने रविवार को चैंपियंस चैलेंज में कोरिया के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की।
हरियाणा के हिसार शहर से ताल्लुक रखने वाली पूनम ने 2009 में भारतीय टीम में प्रवेश किया था और तब से वह लगातार टीम की नियमित सदस्य बनी हुई हैं। दूसरी ओर, मणिपुर की छनछन ने भी 2009 में ही अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था।