गोलरक्षक पीआर श्रीजेश की अगुआई वाली 18 सदस्यीय भारतीय टीम का अगले महीने जकार्ता में होने वाले एशियाई खेलों की तैयारी के लिए 11 दिवसीय शिविर बुधवार से बंगलूरू में शुरू होगा। इसमें सात स्टैंड बाय खिलाड़ी भी शिरकत करेंगे।
बांग्लादेश, दक्षिण कोरिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार सीरीज जीतने के बाद कोर ग्रुप के खिलाड़ियों के 21 दिन के व्यस्त शिविर के बाद उन्हें एक हफ्ते का आराम दिया गया था। शिविर में खिलाड़ी अपनी खामियों को दूर करने का प्रयास करेंगे। टीम के चीफ कोच हरेन्द्र सिंह ने कहा कि एक हफ्ते बाद कोर ग्रुप के सभी खिलाड़ी कड़ा अभ्यास करेंगे।
खिलाड़ियों ने बांग्लादेश, दक्षिण कोरिया और न्यूजीलैंड के साथ करीबी मुकाबले खेले और इस व्यस्त कार्यक्रम के बाद आराम जरूरी था। अब वह तरोताजा होकर नए जोश के साथ एशियाई खेलों से पहले अभ्यास शिविर के अंतिम चरण में भाग लेंगे। हमारा लक्ष्य इन खेलों में स्वर्ण पदक जीत कर ओलंपिक कोटा हासिल करना होगा।
हमारा फोकस डी में मौकों को भुना कर गोल में बदलने पर रहेगा। हमें न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जो खामियां दिखी उन्हें दूर करने की भी कोशिश करेंगे।एशियाई खेलों की गत चैंपियन भारतीय टीम पूल ए में है जिसमें दक्षिण कोरिया, जापान, श्रीलंका, हांगकांग चीन और इंडोनेशिया की टीमें शामिल हैं।
18 सदस्यीय टीम :
गोलरक्षक : पीआर श्रीजेश (कप्तान) और कृष्ण पाठक।
रक्षापंक्ति : हरमनप्रीत सिंह, वरुण कुमार, बीरेंद्र लाकड़ा, सुरेन्दर कुमार, रुपिंदर पाल सिंह, अमित रोहिदास।
मध्यपंक्ति : मनप्रीत सिंह, चिंगलेनसाना सिंह (उपकप्तान), सिमरनजीत सिंह, सरदार सिंह, विवेक सागर प्रसाद।
अग्रिम पंक्ति : एसवी सुनील, मनदीप सिंह, आकाशदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, दिलप्रीत सिंह।
सात स्टैंडबाय : सूरज करकेरा, कोथाजीत सिंह , जर्मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा, सुमित, सुमित कुमार और शिलानंद लाकड़ा।