बेहतर रैंकिंग की अमेरिका की टीम को 1-1 से बराबरी पर रोकने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम ने विश्व कप के क्रासओवर दौर में प्रवेश कर लिया। अब मंगलवार को दसवीं रैंकिंग की भारतीय टीम की टक्कर 17वीं रैंकिंग की टीम इटली से होगी। यदि इसमें जीत मिलती है तो गुरुवार को भारत का मुकाबला क्वार्टर फाइनल में आयरलैंड के साथ होगा।
ग्रुप मैचों में भारतीय टीम ने इंग्लैंड और अमेरिका के साथ अंक बांटे जबकि आयरलैंड के खिलाफ मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा। ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रही इटली ने चीन (3-0), कोरिया (1-0) को हराया जबकि नीदरलैंड के खिलाफ उसे 1-12 से करारी हार झेलनी पड़ी।
मंगलवार को लय भारतीय टीम के साथ होगी क्योंकि पिछले मैच में नीदरलैंड के खिलाफ मनोबल घटाने वाली हार के बाद इटली की खिलाड़ियों के लिए वापसी करना आसान नहीं होगा। दूसरी ओर पिछले मैच में भारतीय टीम ने सातवें नंबर की अमेरिकी टीम के खिलाफ 11वें मिनट में ही एक गोल से पिछड़ने के बाद वापसी कर अपने विश्व कप अभियान को जारी रखा।
भारतीय टीम के पास इटली के खिलाफ जीत के लिए एक और प्रेरणा यह भी है कि उसे इस मैच में जीत से आयरलैंड के खिलाफ ग्रुप दौर में मिली हार का हिसाब चुकाने का भी मौका मिल जाएगा। दो साल पहले भारत ने हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल में इटली को शूटआउट में हराया था।
भारतीय कप्तान रानी रामपाल ने कहा, 'हमें स्वयं पर ध्यान देने, अपनी क्षमता को बढ़ाने और इटली के खिलाफ अपने सकारात्मक खेल को दर्शाने की जरूरत है। इसमें कोई शक नहीं है कि अगर हमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचना है तो इस मैच में जी-जान से जुटना होगा।'