कॉमनवेल्थ गेम्स में शनिवार को भारत का सामना उसके चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीम से होगा। मुकाबला हाई-वोल्टेज रहने की उम्मीद है। दो बार रजत पदक विजेता भारतीय टीम के कोच सोएर्ड मराइन ने अभ्यास सत्र के दौरान कहा, ‘हम जीत के प्रबल दावेदार हैं।’ एशियाई दिग्गजों के इस मुकाबले में तनाव से ज्यादा मराइन को चिंता यहां के तापमान को लेकर है।
उन्होंने कहा, ‘यहां वास्तव में गर्मी है। दोपहर ढाई बजे तो लगभग 28-29 डिग्री तापमान रहेगा। इन हालात में खेलना बहुत मुश्किल है। लिहाजा हमें संयम के साथ खेलने की जरूरत है।’ दोनों देशों की टीमों के बीच आखिरी बार मुकाबला साल 2010 के कॉमनवेल्थ गेम्स में हुआ था। भारत ने उस मैच में सात और पाकिस्तान ने सिर्फ चार गोल दागे थे। पाकिस्तान ने 2006
राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को हराया था। दोनों टीमें पिछले साल एशिया कप में भिड़ी थीं, जिसमें भारत विजयी रहा था।
पाकिस्तान को भले ही पहले पूल मैच में वेल्स ने ड्रॉ पर रोका हो लेकिन भारत को उसके खिलाफ अपने पुराने कोच रोलेंट ओल्टमैंस से चौकस रहना होगा। ओल्टमैंस अब पाकिस्तान टीम के कोच हैं। ओल्टमैंस एक ‘स्ट्रक्चर’ यानी तय ढांचे के मुताबिक खेलने की ताकीद करते हैं और वह भारतीय खिलाड़ियों की ताकत से खासे वाकिफ हैं। ओल्टमैंस की रणनीति की काट के लिए उनके ही मुल्क के सोएर्ड मराइन को भारत को बतौर कोच अलग स्ट्रक्चर से खिलाकर उसकी काट खोजनी होगी।