भारतीय महिला टीम की अनुभवी गोलकीपर सविता की मां उन्हें हरियाणा के सिरसा से वीडियो कॉल पर रोज कोरोना संक्रमण से बचने के लिए घरेलू नुस्खा देती हैं। सविता का कहना है कि साइ सेंटर के सुरक्षित माहौल में होने से घरवाले भी निश्चिंत हैं।
उन्होंने कहा कि हम अभ्यास के साथ टीम बॉन्डिंग पर काम कर रहे हैं। वहीं सारे चेहरे रोज होते हैं तो हम रूममेट बदलकर आपसी तालमेल और बेहतर कर रहे हैं। इसके अलावा तैराकी करते हैं। मनोरंजक खेलों की जिम्मेदारी भी कुछ खिलाड़ियों को दी गई है, जो कुछ ना कुछ नए खेल खिलाते हैं।
भारतीय महिला टीम ने 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के दिन शाम पांच बजे परिसर के भीतर ही तालियां बजाकर कोरोना वायरस के खिलाफ संघर्ष में जुटे लोगों को धन्यवाद दिया था। सविता ने कहा कि हम बाहर नहीं जा रहे और जाना भी नहीं चाहते, लेकिन हमें पता है कि हालात कितने कठिन है। हमें भी लगा कि पूरे देश के साथ इस मुहिम में जुड़ना चाहिए।
टीम की युवा खिलाड़ी नवनीत कौर ने बताया कि खिलाड़ी भी सफाई और दूरी बनाए रखने के निर्देशों का पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां हर जगह हैंडवॉश और सेनिटाइजर रखे हैं। हम जिम भी सेनिटाइज होने के बाद इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा दूरी भी बनाकर रख रहे हैं।
नवनीत ने बताया कि खाली समय में खिलाड़ियों ने मीटिंग रूम में कई मनपसंद फिल्में देख डालीं। उन्होंने कहा कि आम तौर पर हम बाहर शॉपिंग या मूवी के लिए ही जाते थे। हमने पिछले सप्ताह मिले समय में कई फिल्में देखीं, जिनमें पानीपत, प्यार का पंचनामा, वॉर आदि शामिल थी।