रीड ने कहा, 'यहां हमारे साथ शिविर में 32 खिलाड़ी हैं और हम एक दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धी हॉकी खेल सकते हैं। हम अंतरराष्ट्रीय मानसिकता के साथ आपस में मैच खेल रहे हैं। हम हर दिन भिन्न शैली की हॉकी खेल रहे हैं। एक दिन हम जर्मनी जैसी तो दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की तरह हॉकी खेल रहे हैं।'
भारत को 25 और 26 अप्रैल को होने वाले मैचों के लिए जर्मनी और दो और तीन मई को ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ होने वाले मैचों के लिए लंदन जाना था लेकिन अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने कोविड-19 महामारी को देखते हुए प्रो लीग को 17 मई तक स्थगित कर दिया है, जिससे ये मैच रद्द हो गए हैं।
रीड ने कहा, 'हम अब भी लगातार वह कर रहे हैं जो अपनी तरफ से कर सकते हैं मतलब बंद और सुरक्षित माहौल में हॉकी खेलना। इस गंभीर संकट के मामले में हम हॉकी इंडिया और भारत सरकार की सिफारिशों का इंतजार कर रहे हैं। निश्चित तौर पर हमें ओलिंपिक तैयारियों के अपने कार्यक्रम को फिर से तैयार करना होगा।'
रीड ने कहा कि महामारी को देखते हुए टोक्यो ओलिंपिक के स्थगित होने की संभावना है लेकिन उम्मीद जताई कि ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा, 'मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता कि ओलिंपिक होने चाहिए या उन्हें स्थगित कर देना चाहिए। यह फैसला आईओसी और टोक्यो खेल के आयोजकों को करना है। लेकिन ओलंपिक खास होते हैं और प्रत्येक खिलाड़ी इसका हिस्सा बनने का सपना देखता है।'