मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। 96 वर्षीय बलबीर सिंह की रिपोर्ट रविवार को सामने आई, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें कोरोना से कोई खतरा नहीं बताया। बावजूद इसके अगले कुछ घंटे उनके लिए बेहद संवेदनशील हैं।
तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बलबीर सिंह सीनियर की तबीयत शुक्रवार को अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बलबीर सीनियर के नाती कबीर ने बताया कि, ‘उन्हें अभी भी वेंटिलेटर पर ही रखा गया है। पिछले दो तीन दिन से श्वास लेने में तकलीफ हो रही थी, उनके विभिन्न अंगों पर असर पड़ा है और कुल मिलाकर हालत बहुत अच्छी नहीं है।
वह पिछले साल श्वसन संबंधी तकलीफ के कारण कई सप्ताह चंडीगढ के पीजीआईएमईआर में भी भर्ती थे। बलबीर सीनियर ने लंदन (1948), हेलसिंकी (1952) और मेलबर्न (1956) ओलंपिक में भारत के स्वर्ण पदक जीतने में अहम भूमिका निभाई थी। हेलसिंकी ओलंपिक में नीदरलैंड के खिलाफ 6-1 से मिली जीत में उन्होंने पांच गोल किए थे और यह रिकार्ड अभी भी बरकरार है।