चार देशों के आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे चरण का आगाज भारतीय टीम बुधवार से मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच का यह मैच गालाघेर हॉकी स्टेडियम में बुधवार को खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट के पहले चरण में भारतीय टीम ने पहले मैच में जापान को 6-0 से हराकर शानदार शुरुआत की थी।
इसके बाद उसे बेल्जियम के खिलाफ दूसरे मैच में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। टूर्नामेंट के अपने तीसरे मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 3-1 से हराया था, लेकिन बेल्जियम के खिलाफ पहले चरण के फाइनल मैच में उसे 2-1 से हार का सामना करना पड़ा।
भारत के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने पहले चरण में टीम के प्रदर्शन के बारे में कहा कि एक टीम के रूप में हमने मैच दर मैच अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि आपको समझना होगा कि बेल्जियम पूरी टीम लेकर आया है और वे दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है। हमारे पास जो टीम है , उसके साथ उनका सामना करना बड़ा कदम रहा।
उन्होंने कहा कि इस युवा टीम ने दुनिया की तीसरे नंबर की टीम के खिलाफ खेलने का आत्मविश्वास दिखाया जिससे बतौर कोच मेरे विकल्प बढे हैं। कोच ने यह भी कहा कि मौके गंवाने से उनकी टीम को खामियाजा भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि मेरे लिये सबसे अहम बात मौकों को गोल में बदलना था । हमने कई मौके बनाए लेकिन वे काफी नहीं थे। हमें और गोल करने होंगे।
टीम बेहतर प्रदर्शन को बेताब: कप्तान
कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा कि टीम बेहतर प्रदर्शन को बेताब है। उन्होंने कहा कि बेल्जियम जैसी टीम के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन् से भविष्य के लिए हौसला बढेगा लेकिन उनको हराना इन युवा खिलाड़ियों के लिए बहुत बड़ी बात होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए हमें कुछ क्षेत्रों में मेहनत करनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि हम गलतियों को ना दोहराए।