अंतिम क्षणों में गोल खाने के चलते भारतीय हॉकी टीम को रविवार को सुल्तान अजलान शाह कप के अपने दूसरे मुकाबले में कोरिया से 1-1 से ड्रॉ खेलने को मजबूर होना पड़ा। पहले मुकाबले में एशियाई खेलों के चैंपियन जापान पर 2-0 की जीत दर्ज करने वाली मनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम ने खेल के 28वें मिनट में ही मनदीप सिंह के गोल से बढ़त बना ली थी। जब यह लग रहा था कि छह टीमों के इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपनी लगातार जीत दर्ज करने के करीब है तभी अंतिम सीटी बजने से एक मिनट पहले कोरिया के जोंघयुन जेंग ने गोल कर टीम को बराबरी दिला दी।
इस बीच भारी बारिश के चलते चौथे क्वार्टर में कुछ देर के लिए खेल रोकना पड़ा। जब बारिश शुरू हुई उस समय सिर्फ आठ मिनट का खेल बचा था। भारत ने अच्छी शुरुआत की। मिडफील्डर विवेक सागर ने सर्कल के अंदर अच्छा मूव बनाया लेकिन कोरियाई डिफेंडरों ने उनके प्रयास को नाकाम कर दिया। डिफेंडर सुरेंदर कुमार ने इसके बाद कोरिया के हमले को विफल किया। भारत को दसवें मिनट में पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन टीम इसे गोल में बदलने में नाकाम रही।
भारत को दूसरे क्वार्टर में दूसरा पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन ड्रैग फ्लिक को कोरियाई गोलकीपर ने रोक दिया। कोरिया के तीन खिलाड़ियों किन ह्योंगजिन, जिहुन यैंग और ली नामयोंग को इसके बाद हरा कार्ड दिखाया गया जिसके बाद मैदान पर उसके आठ ही खिलाड़ी रह गए। भारत ने इसका फायदा उठाया और 28वें मिनट में अनुभवी मनदीप सिंह ने भारत को बढ़त दिला दी। मध्यांतर तक भारतीय टीम 1-0 से आगे थी। तीसरे क्वार्टर में कोई टीम गोल नहीं कर सकी।