फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

India vs China Highlights: महिला हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम का आगाज ड्रॉ से, चीन से 2-2 की बराबरी

Sun, 16 Aug 2026 06:15 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एम्सटलवीन (नीदरलैंड)

सार

महिला हॉकी विश्व कप में भारत और चीन के बीच रोमांचक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ।नवनीत कौर और दीपिका ने भारत के लिए गोल किए, जबकि ड्रॉ के बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला।
विज्ञापन
भारतीय महिला हॉकी टीम - फोटो : Hockey India (x)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय महिला हॉकी टीम ने हॉकी वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए पेरिस ओलंपिक की रजत पदक विजेता चीन को 2-2 की बराबरी पर रोक दिया। पूल डी के इस मुकाबले में भारत ने पहले हाफ तक 2-1 की बढ़त बना ली थी, लेकिन चीन ने तीसरे क्वार्टर में बराबरी हासिल कर ली। भारत के लिए नवनीत कौर ने आठवें मिनट में फील्ड गोल किया, जबकि दीपिका ने 26वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। चीन की ओर से झांग यिंग ने 14वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया और मा निंग ने 39वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए बराबरी का गोल दागा।
विज्ञापन

पहले क्वार्टर में भारत का दबदबा
  • भारत ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। दूसरे मिनट में सुनेलिता टोप्पो बाएं विंग से सर्कल में दाखिल हुईं और उन्होंने दीपिका को गेंद दी, लेकिन उनका प्रयास चीनी गोलकीपर ली टिंग ने रोक दिया।
  • इसके बाद भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। दीपिका मैदान पर नहीं थीं, इसलिए नवनीत ने इसका प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सकीं।
  • हालांकि, आठवें मिनट में नवनीत ने भारत को बढ़त दिला दी। नेहा के पास पर उन्होंने सर्कल में शानदार नियंत्रण दिखाते हुए फील्ड गोल किया।
  • भारत ने पहले क्वार्टर में चीन पर लगातार दबाव बनाए रखा। बालजीत और लालरेमसियामी ने दोनों विंग से बेहतरीन खेल दिखाया और भारतीय फॉरवर्ड लगातार चीनी सर्कल में पहुंचते रहे।
  • हालांकि, क्वार्टर के अंतिम मिनट में चीन को पेनल्टी स्ट्रोक मिल गया। अंपायर ने शिल्पी दास को झांग यिंग को रोकने का दोषी माना। भारत ने रेफरल लिया, लेकिन टीवी अंपायर ने फैसला नहीं बदला और झांग यिंग ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया।

दीपिका ने फिर दिलाई भारत को बढ़त
दूसरे क्वार्टर में भारत ने अपना आक्रमण जारी रखा। 22वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर नवनीत के शुरुआती प्रयास और रिबाउंड को चीनी डिफेंस ने रोक दिया। इसके बाद 26वें मिनट में दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। चीन ने इस फैसले के खिलाफ वीडियो रेफरल लिया, लेकिन उसे खारिज कर दिया गया। हाफ टाइम तक भारत ने अपनी बढ़त कायम रखी।

तीसरे क्वार्टर में चीन की वापसी
तीसरे क्वार्टर में चीन ने जोरदार वापसी की और भारतीय डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया। इस दौरान भारतीय टीम को अधिकतर समय रक्षात्मक खेलना पड़ा। भारत की अनुभवी गोलकीपर सविता ने 33वें मिनट में शानदार बचाव करते हुए चीन को बराबरी करने से रोका। पांच मिनट बाद उन्होंने पेंग यांग के शॉट को भी बचाया, लेकिन अगले ही मिनट चीन को पेनल्टी कॉर्नर मिला और मा निंग ने गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। चीन को इसके बाद एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन सविता ने झांग यिंग के प्रयास को रोककर भारत को राहत दी।
विज्ञापन

आखिरी मिनटों में पेनल्टी कॉर्नर नहीं मिलने से निराशा
चौथे क्वार्टर में दोनों टीमों ने जीत के लिए प्रयास किए। 52वें मिनट में नवनीत ने लालरेमसियामी को क्रॉस दिया, लेकिन वह गेंद को नियंत्रित नहीं कर सकीं और चीन के डिफेंडरों ने मौका खत्म कर दिया। इसके अगले ही मिनट चीन की झोउ मेइरॉन्ग को ग्रीन कार्ड मिला और चीन को दो मिनट के लिए 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। हालांकि, भारत इस मौके का फायदा नहीं उठा सका।

56वें मिनट में चीन को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह गोल नहीं कर सका। मुकाबले के अंतिम क्षणों में नवनीत ने चीनी सर्कल में शानदार प्रवेश किया, लेकिन भारत को पेनल्टी कॉर्नर नहीं मिला। भारतीय कोच स्जोर्ड मारिज्ने ने मैच के बाद इस फैसले पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता कि वह पेनल्टी कॉर्नर क्यों नहीं दिया गया।'

अब दक्षिण अफ्रीका से मुकाबला
भारत अब 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना अगला पूल मुकाबला खेलेगा। दिन के एक अन्य मैच में इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 4-0 से हराया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें