फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hockey World Cup: नीदरलैंड्स से हार के बाद भारत के लिए बेहद मुश्किल हुआ सेमीफाइनल का गणित, जानें पूरा समीकरण

Sun, 23 Aug 2026 08:58 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एम्स्टेलवीन

सार

हॉकी विश्वकप के सेमीफाइनल में पहुंचने की भारत की उम्मीदों को नीदरलैंड्स के खिलाफ 1-3 की हार से बड़ा झटका लगा है। भारत अब पूल ई में बिना अंक के चौथे स्थान पर है और उसकी किस्मत अपने हाथ में नहीं रही। सेमीफाइनल की उम्मीद बनाए रखने के लिए भारत को दूसरे मुकाबलों के नतीजों के साथ अर्जेंटीना के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।
विज्ञापन
भारत की राह मुश्किल - फोटो : Hockey India
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हॉकी विश्वकप के सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना देख रही भारतीय पुरुष टीम के लिए नीदरलैंड्स के खिलाफ हार ने समीकरण को बेहद पेचीदा बना दिया है। ओलंपिक चैंपियन के खिलाफ भारत को हर हाल में जीत चाहिए थी, लेकिन 1-3 की हार के बाद अब टीम की सेमीफाइनल की उम्मीदें सिर्फ उसके अपने प्रदर्शन पर निर्भर नहीं हैं। भारत को अब नीदरलैंड्स, अर्जेंटीना और इंग्लैंड के मुकाबलों पर भी निर्भर रहना पड़ा। अर्जेंटीना ने शनिवार को इंग्लैंड को 3-1 से हराकर भारत को एलिमिनेट होने से तो बचा लिया, लेकिन रास्ता अब भी आसान नहीं है। भारत को अब अर्जेंटीना ने वर्चुअल नॉकआउट खेलना है, जबकि एक अन्य मैच पर भी उसे निर्भर रहना है। अगर उस मैच का नतीजा बिगड़ा तो भारत के मैच का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।
विज्ञापन

नीदरलैंड्स के खिलाफ हार से बिगड़ा पूरा समीकरण
 
  • एम्सटेलवीन में शनिवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले दो क्वार्टर में नीदरलैंड्स को गोल करने का मौका नहीं दिया। हालांकि, मैच के अंतिम दो क्वार्टर में मेजबान टीम ने लगातार दबाव बनाया और तीन फील्ड गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
  • डुको टेलगेनकैंप ने 41वें मिनट में नीदरलैंड्स का खाता खोला। इसके बाद हार्दिक सिंह की अगुआई वाली भारतीय टीम ने बराबरी की कोशिश की और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 52वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया।
  • लेकिन इसके बाद भारत की मुश्किलें बढ़ गईं। ट्जेप हूडेमेकर्स ने 51वें मिनट में और थिज वान डैम ने 55वें मिनट में गोल कर नीदरलैंड्स को 3-1 की बढ़त दिला दी। भारत इसके बाद वापसी नहीं कर सका। इस जीत के साथ नीदरलैंड्स के छह अंक हो गए और वह सेमीफाइनल में पहुंच गया। वहीं भारत के खाते में दो मैचों के बाद कोई अंक नहीं है।

भारतीय हॉकी टीम - फोटो : IANS
भारत चौथे स्थान पर, अब अपने हाथ में नहीं किस्मत
पूल ई की अंक तालिका में नीदरलैंड्स छह अंकों के साथ शीर्ष पर है। अर्जेंटीना और इंग्लैंड के तीन-तीन अंक हैं, जबकि भारत के खाते में कोई अंक नहीं है। खास बात यह है कि इस चरण में पिछले चरण के अंक भी आगे बढ़ाए गए हैं। नीदरलैंड्स और इंग्लैंड को इसका फायदा मिल रहा है, जबकि भारत के खाते में कोई अंक आगे नहीं आया। यही वजह है कि नीदरलैंड्स, इंग्लैंड और अर्जेंटीना की स्थिति भारत से काफी मजबूत है। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अब न सिर्फ अपना आखिरी मैच जीतना होगा, बल्कि दूसरे मुकाबलों के नतीजे भी उसके पक्ष में आने जरूरी हैं।

अंक तालिका
टीम मैच जीत ड्रॉ हार किए गोल खाए गोल गोल अंतर अंक
नीदरलैंड्स 2 2 0 0 6 2 +4 6
इंग्लैंड 2 1 0 1 5 5 0 3
अर्जेंटीना 2 1 0 1 4 4 0 3
भारत 2 0 0 2 3 7 -4 0

भारतीय हॉकी टीम - फोटो : @DilipTirkey
अर्जेंटीना ने बचाई भारत की उम्मीद
नीदरलैंड्स से हार के बाद भारत की सेमीफाइनल की उम्मीदें लगभग खत्म होती दिख रही थीं, लेकिन शनिवार रात अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 3-1 से हराकर टीम इंडिया को बड़ी राहत दी। भारत को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए इस मैच में अर्जेंटीना की जीत की जरूरत थी और अर्जेंटीना ने ठीक वही कर दिखाया। अगर इंग्लैंड यह मुकाबला जीत जाता तो वह नीदरलैंड्स के साथ सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाता और भारत की चुनौती वहीं खत्म हो जाती। लेकिन अर्जेंटीना की जीत के बाद अब समीकरण पूरी तरह से खुला हुआ है।

सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को क्या करना होगा?
 
  • अब भारत को सबसे पहले नीदरलैंड्स की इंग्लैंड पर जीत की दुआ करनी होगी। यह मैच 24 अगस्त को रात साढ़े नौ बजे से खेला जाएगा। हालांकि, भारत अर्जेंटीना से अपना मुकाबला उससे पहले ही खेल लेगा। भारत का अर्जेंटीना से मैच 24 अगस्त को शाम 6:15 बजे से है।
  • अगर नीदरलैंड्स इंग्लैंड को हरा देता है तो इंग्लैंड तीन अंकों पर ही रुक जाएगा। इसके बाद भारत को अपने आखिरी मुकाबले में अर्जेंटीना को हराना होगा। जीत के साथ भारत के भी तीन अंक हो जाएंगे। ऐसी स्थिति में इंग्लैंड, अर्जेंटीना और भारत, तीनों के तीन-तीन अंक होंगे और फिर सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम का फैसला गोल अंतर से होगा।
  • फिलहाल भारत का गोल अंतर -4 है, जबकि अर्जेंटीना का 0 है। ऐसे में भारत को अर्जेंटीना के खिलाफ कम से कम पांच गोल के अंतर से जीत दर्ज करनी होगी, तभी वह गोल अंतर के आधार पर सेमीफाइनल में पहुंचने की स्थिति में आएगा।यानी भारत के सामने अब सीधी चुनौती है, नीदरलैंड्स को इंग्लैंड को हराना होगा और टीम इंडिया को अर्जेंटीना के खिलाफ कम से कम पांच गोल की जीत दर्ज करनी होगी। 

हार्दिक सिंह - फोटो : ANI
हार्दिक बोले- एक प्रतिशत की गलती भी भारी पड़ी
नीदरलैंड्स के खिलाफ हार के बाद भारतीय उपकप्तान हार्दिक सिंह ने टीम की जिम्मेदारी स्वीकार की। उन्होंने कहा कि टीम ने मुकाबले में 99 प्रतिशत चीजें सही कीं, लेकिन एक छोटी सी चूक भारी पड़ गई। हार्दिक ने कहा, 'यह अवसर की बात है। अगर हम जीतते हैं तो पूरा श्रेय टीम को जाता है और आज जब हम हारे हैं तो हम इसकी जिम्मेदारी लेते हैं। हम उनके खेल और रणनीति को जानते थे, लेकिन हॉकी की खूबसूरती यही है कि आप 99 प्रतिशत चीजें सही करते हैं, लेकिन एक प्रतिशत की चूक भारी पड़ सकती है। आज हमारे साथ यही हुआ।' उन्होंने आगे कहा, 'हॉकी में जो टीम बेहतर तरीके से मौके को भुनाती है, वही जीतती है और आज वे हमसे बेहतर थे।'
विज्ञापन

अमित रोहिदास - फोटो : PTI
अब अर्जेंटीना से आखिरी मुकाबला
हार्दिक ने इस निराशा से सीख लेकर वापसी की बात कही। उन्होंने कहा, 'यह टीम का खेल है और हम एक टीम के रूप में जीतते हैं तथा एक टीम के रूप में हारते हैं। हम ऐसे मुकाबलों के लिए तैयारी करते हैं, लेकिन इस बार सफल नहीं हो सके। हम इससे सीखेंगे और मजबूत होकर वापसी करेंगे।'

डिफेंडर अमित रोहिदास ने भी माना कि भारत का डिफेंस करीब 40 मिनट तक मजबूत रहा, लेकिन गलतियों ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने कहा, 'हमने बहुत अच्छी शुरुआत की और 40 मिनट तक हमारा डिफेंस मजबूत था। हमने कुछ गलतियां कीं और गोल गंवा दिए।' भारत अब अर्जेंटीना के खिलाफ अपना आखिरी मुकाबला बड़े अंतर से जीतने की कोशिश करेगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें