वर्ल्ड हॉकी लीग सेमीफाइनल्स का सबसे बड़ा मुकाबला आज शुक्रवार को खेला जाना है जब दो चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगी।
एंटवर्प में वर्ल्ड हॉकी लीग सेमीफाइनल्स का सबसे बड़ा मुकाबला आज शुक्रवार को खेला जाना है जब दो चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगी। जहां पाकिस्तान के लिए इस टूर्नामेंट में रियो ओलंपिक का टिकट दांव पर लगा है, वहीं ओलंपिक के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी भारतीय टीम बेखौफ होकर इस मुकाबले में उतरेगी। यह मैच आज शाम 7:30 बजे से स्टार स्पोर्ट्स पर होगा।
पाकिस्तान 1948 से लेकर अब तक हर ओलंपिक में खेलता रहा है। लेकिन इस बार वह इस प्रतिष्ठित खेल में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहा है। वहीं भारतीय टीम एशियाड में स्वर्ण पदक जीतकर पहले ही रियो ओलंपिक के लिए टिकट कटा लिया है।
पाकिस्तान के पास रियो ओलंपिक में खेलने का अधिकार हासिल करने का यह आखिरी मौका है। अपने से कमजोर टीमों फ्रांस और पोलैंड को हराने के बाद सरदार एंड कंपनी का भी यह पहला कड़ा इम्तिहान होगा।
पिछले साल भुवनेश्वर में खेली गई चैंपियंस ट्रॉफी में हुए विवादास्पद और तनावपूर्ण मुकाबले के बाद यह पहला मौका है जब दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले में दोनों देशों के खिलाड़ी उपमहाद्वीप की आकर्षक शैली में हॉकी खेलती दिखाई देंगे।
पाकिस्तान से पहले अपने दोनों मैच जीत चुकी हैं भारतीय टीम
भारतीय हॉकी टीम ने जहां टूर्नामेंट में फ्रांस को 3-2 और पोलैंड को 3-0 से हराया है, वहीं पाकिस्तान ने पोलैंड को 2-1 से मात दी, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने उसे 6-1 से करारी शिकस्त दी। लगातार दूसरी जीत से अब ऑस्ट्रेलिया ने पूल ए में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
ऑस्ट्रेलिया और भारत ने अपने दोनों मैच जीते हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने फ्रांस को 10 गोल से हराया था, ऐसे में गोल अंतर के हिसाब से वह शीर्ष पर है। इस बीच बृहस्पतिवार को खेले गए मुकाबलों में मलयेशिया की टीम ने आयरलैंड को 4-2 से और ब्रिटेन ने चीन को 7-1 से रौंद दिया।
वहीं भारतीय कोच पॉल वान ऐस ने कहा, "बतौर कोच भारत-पाकिस्तान भिड़ंत का यह मेरा पहला अनुभव होगा। हालांकि 2010 में दिल्ली में हुए विश्व कप में मैंने इन दोनों टीमों के बीच मैच का रोमांच देखा है। हमें गेंद पर अधिक समय तक कब्जा करना होगा और पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलना होगा।"
इस मैच से पहले पाक कोच शहनाज शेख ने कहा, "इंचियन एशियन गेम्स और चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से हमारी टीम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इस टूर्नामेंट में हमारा बहुत कुछ दांव पर लगा है। हम इस मुकाबले में जीत दर्ज करना चाहते हैं।"