भारतीय हॉकी टीम ने सुल्तान ऑफ जोहोर कप अंडर-21 टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की है।
जोहोर बाहरू (मलेशिया) में हो रहे टूर्नामेंट के अपने पहले ही मैच में युवा भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 2-1 से हरा दिया। भारतीय टीम ने दोनों हाफ में 1-1 बेहतरीन गोल किया और मैच से पूरे तीन अंक हासिल किए।
मैच के 18वें मिनट में पहले रमणदीप सिंह ने और फिर 50वें मिनट में तलविंदर सिंह ने गोल कर टीम को आसान जीत दिलाई। इंग्लैंड की ओर से एकमात्र गोल सैम फ्रेंच ने मैच के 67वें मिनट में दागा।
भले ही भारतीय टीम जीतने में कामयाब हो गई लेकिन उसका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा। भारत को कुल चार पेनाल्टी कॉर्नर मिले लेकिन वह एक का भी फायदा नहीं उठा सका।
हालांकि इस मामले में इंग्लैंड का प्रदर्शन और भी निराशाजनक रहा और वह छह में से केवल एक को ही गोल में तब्दील कर सका।
भारतीय टीम को दूसरे हाफ के 41वें, 42वें और 45वें मिनट में लगातार तीन पेनाल्टी कॉर्नर मिले लेकिन अमित रोहिदास हर बार इंग्लैंड के गोलकीपर को छकाने में नाकाम रहे।
दूसरी ओर, भारतीय टीम को अपने गोलकीपर हरजोत सिंह को शुक्रिया करना चाहिए जिन्होंने मैच के 67वें मिनट तक कई शानदार बचाव कर टीम को हारने से बचा लिया।
भारतीय कोच ग्रेक क्लार्क ने भी इस बात को स्वीकार किया कि इंग्लैंड की तुलना में उनका प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं था। उन्होंने कहा, "हमने मैच में कई मौके बनाए लेकिन उसका फायदा नहीं उठा सके। मैं इंग्लैंड का तारीफ करना चाहूंगा कि उसने आखिरी समय तक मैच में खुद को बनाए रखा और हमें कड़ी चुनौती दी।"