न्यूजीलैंड ने छठे ही मिनट में गोल पर हमला बोला पर हुगो इंगलिस का करीब से लगाया गया शाट स्पेनिश कप्तान और गोलकीपर क्विको कोर्टेस ने रोक लिया। स्पेन को हालांकि गोल करने में सफलता मिली जब बेल्ट्रान ने पाऊ क्वेमाडा की मदद से स्कोर 1-0 कर दिया।
इसके बाद दोनों टीमों ने कुछ अच्छे मूव बनाये लेकिन बाक्स के अंदर उन्हें सफलता नहीं मिली। स्पेन को 25वें मिनट में पहला पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन वह इसे गोल में बदलने में नाकाम रही, पर दो मिनट बाद उसने बढ़त दोगुनी कर दी जब इग्लेसियास ने रिकार्डो संटाना की बदौलत न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों के बीच से करीब से गोल दागा।
तीसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ। लेकिन न्यूजीलैंड ने अंतिम क्वार्टर में शानदार वापसी करते हुए 50वें मिनट में फिलिप्स की बदौलत अंतर को कम किया जिन्हें इंगलिस ने बायीं ओर से शानदार पास मिला।इस गोल के बाद न्यूजीलैंड के खेमे में बराबरी हासिल करने की कोशिशें तेज हो गयी और उन्हें कामयाबी भी मिली जब मैच खत्म होने से चार मिनट पहले रसेल ने टीम के एकमात्र पेनल्टी कार्नर पर गोल दागा।