ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना गुरुवार को जब पूल ए में स्पेन के खिलाफ विश्व कप हॉकी के अपने पहले मुकाबले में मैदान में उतरेगी तो उसका लक्ष्य जीत के साथ आगाज का होगा। अर्जेंटीनी टीम ड्रैग फ्लिकर गोंजालो पिलात के पेनाल्टी कॉर्नर पर अचूक निशाने के साथ अपना पांचवां विश्व कप खेलने जा रहे मिडफील्डर मातियाज पारडेज के अनुभव पर भरोसा कर पहली बाधा पार करने को बेताब है। 2002 में कुआलालंपुर में अपना पहला विश्व कप खेलने के बाद पारडेज अर्जेंटीनी टीम के अहम सदस्य बन गए हैं।
अर्जेंटीना का विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2014 में तीसरा स्थान हासिल करना रहा है। दुनिया की दूसरे नंबर की टीम अर्जेंटीना को कोच कार्लोस रेतेगुई की कमी अखरेगी, वहीं नए कोच जर्मन ओराजको का यह पहला बड़ा इम्तिहान होगा। सीनियर खिलाड़ियों के साथ टकराव के चलते रेतेगुई को अपना पद छोड़ना पड़ा था। पिलाल का कहना कि टीम ओरजको के नेतृत्व में कुछ मैच खेलकर खुद को उनकी शैली के मुताबिक ढाल चुकी है। अर्जेंटीना को भुवनेश्वर में अभ्यास मैच में भारत के हाथों हार मिली थी। टीम उसे भुलाकर वियजी शुरुआत करना चाहेगी।
दूसरी और स्पेन को भारत कड़े संघर्ष के बाद ही अभ्यास मैच में हरा पाया था। ऐसे में अर्जेंटीना को स्पेनिश टीम से कड़ी टक्कर मिलने की संभावना है। दुनिया की आठवें नंबर की टीम स्पेन जेवियर लियोनार्ट और पाउ कुइमदा के बूते उलटफेर करने का दम रखती है। स्पेन के कोच फ्रेडरिक सोएज कहते हैं कि टीम में हालांकि कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं पर नवोदित यंग स्ट्राइकर एनरिक गोंजालो से मुझे काफी उम्मीद है।
मैच : शाम 5.00 बजे से
न्यूजीलैंड की टक्कर फ्रांस से
पूल ए में दूसरा मुकाबला दुनिया की छठे नंबर की टीम न्यूजीलैंड और उससे फ्रांस के बीच खेला जाएगा। 28 बरस बाद विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने वाली फ्रांस की टीम छुपी रूस्तम साबित हो सकती है। न्यूजीलैंड की टीम में भारतीय मूल के पंछिया बंधुओं -अरुण और जेरड पंछिया शिया मैकलीज के बूते क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की आस लगाए है। वहीं फ्रांस की टीम जेनस्टेट बंधुओं हयूगो और टॉम जैसे मिडफील्डरों और पेनाल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ विक्टर चार्ल्स के दम पर बड़े उलटफेर के साथ आगाज करने को बेताब है।
मैच : शाम 7.00 बजे से