मिडफील्डर मनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली पुरुष हॉकी टीम भुवनेश्वर में छह जून से शुरू हो रही एफआईएच सीरीज फाइनल्स में और स्ट्राइकर रानी रामपाल की महिला टीम 15 जून से हिरोशिमा में शुरू होने वाली एफआईएच सीरीज फाइनल्स में नई जर्सी में नजर आएंगी।
हॉकी इंडिया ने शनिवार को टीमों की नई आधिकारिक पोशाक जारी की। टीम की नई किट आधिकारिक पोशाक साझेदार शिव नरेश ने तैयार की है जो गहरे नीले रंग की है। इसमें बाजू और गर्दन के पिछले हिस्से में तिरंगे का प्रिंट है। इसे ऐसे कपड़े से तैयार किया गया है जिसमें खिलाड़ियों को कोई परेशानी नहीं हो।
पुरुष टीम के कप्तान मनप्रीत ने कहा,‘ हमें भारतीय टीम की पोशाक पहन कर काफी गर्व महसूस होता है और कई युवा खिलाड़ी इस पोशाक को पहनने के लिए पूरे साल मेहनत करते हैं। आधिकारिक पोशाक हर खिलाड़ी के लिए खास होती है और हम एफआईएच पुरुष सीरीज फाइनल्स से पहले नए लुक, नई डिजाइन की पोशाक पाकर रोमांचित है।’
रानी ने कहा,‘हमें नई पोशाक काफी पसंद आई। हमें अभ्यास किट भी मिली है और हम काफी रोमांचित है। यह रंग काफी गहरा और जीवंत है। मुझे लगता है हम जैसा आक्रामक खेल खेलते हैं वह इसे दर्शाता है।’