हॉकी इंडिया ने साल के अंत तक पीआर श्रीजेश को पुरुष और रानी रामपाल को महिला टीम की कमान सौंप दी है। श्रीजेश चोट से उबरने के बाद फिर से कप्तान बने हैं जबकि रानी 2018 में सभी टूर्नामेंटों में कप्तान रहेंगी जिसमें जुलाई में होने वाले विश्व कप और जर्काता में होने वाले एशियाई खेल शामिल हैं।
श्रीजेश को 2016 में चैंपियंस ट्रॉफी में कप्तानी दी गई थी जब भारत ने रजत पदक जीता था। इसके अलावा 2016 में जूनियर विश्व कप में विकास दहिया और कृष्ण पाठक के मेंटर रहे जब भारत ने खिताब जीता था। पिछले साल सुल्तान अजलान शाह कप में उन्हें घुटने में चोट लगी। श्रीजेश जनवरी में न्यूजीलैंड में हुए चार देशों के आमंत्रण टूर्नामेंट से टीम में लौटे। भारतीय टीम यहां दूसरे स्थान पर रही।
उधर रानी की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने एशिया कप जीता। टीम 12वें से दसवें स्थान पर पहुंचीं। गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में 12 साल में पहली बार टीम सेमीफाइनल में पहुंची। हॉकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद का कहना है कि वर्ष भर के लिए सभी टूर्नामेंटों के लिए एक कप्तान बनाने के पीछे मकसद टीम में स्थायित्व लाना है।