भारत की ओडिशा हॉकी विश्व कप में शिरकत करने वाली टीम के यंग फॉरवर्ड दिलप्रीत सिंह और ऑस्ट्रेलिया में यूथ ओलंपिक की रजत पदक जीतने वाली लड़कों की टीम के मिडफील्डर रबिचंद्र सिंह मोइरंगथम और गोलरक्षक सहित प्रशांत कुमार चौहान सहित पांच खिलाड़ियों को जूनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी शिविर के लिए घोषित 60 खिलाड़ियों में शामिल किया है।
हॉकी इंडिया ने इन खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की। इन सभी का सोमवार को बेंगलुरू में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) में शुरू हुआ शिविर 31 मार्च तक चलेगा। 17 मार्च को चयन स्पर्धा के बाद इन 60 में से 33 खिलाड़ी जूनियर कोर ग्रुप के लिए चुने जाएंगे।
जूनियर खिलाड़ियों के राष्ट्रीय शिविर के लिए चुने गए 60 खिलाड़ियों में छह गोलरक्षक, 15 डिफेंडर, 18 मिडफील्डर और 21 फॉरवर्ड को जगह दी गई है। दरअसल, इस जूनियर शिविर में सबसे ज्यादा देश के लिए आने वाले समय के नौजवान फॉरवर्ड को तलाशने पर है।
पंजाब के दिलप्रीत सिंह और रेलवे के गुरसाहिब सिंह और ओडिशा के सुदीप चिरिमको जैसे यंग फॉरवर्ड सीनियर शिविर में अपनी चमक दिखा चुके हैं। इनके साथ भारत की यूथ ओलंपिक की रजत पदक विजेता टीम के गोलरक्षक प्रशांत कुमार चौहान, मिडफील्डर रबि चंद्र सिंह मोइंगरथम, राहुल कुमार राजभर, शिवम आनंद और यशदीप सिंह तथा यंग फॉरवर्ड मनिंदर सिंह भारत की जूनियर टीम के साथ सीनियर टीम के लिए भी करीब तीन हफ्ते तक चलने वाले शिविर में अपनी दावेदारी पेश करने की पुरजोर कोशिश करेंगे।