पिछले दिनों इतिहास रचने वाली भारतीय जूनियर महिला टीम में शामिल अपने राज्य की पांच खिलाड़ियों को हॉकी हरियाणा ने 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की है।
जर्मनी के मोनशेंग्लाबाख में एफआईएच जूनियर विश्व कप में भारतीय टीम पहली बार कोई पदक जीतने में कामयाब रही है। कांस्य पदक जीतने से पहले भारत का इस टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2001 और 2009 में नौंवां स्थान रहा था।
इससे पहले, हॉकी इंडिया की ओर से इस शानदार जीत पर जूनियर महिला टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को एक-एक लाख रुपए दिए जाने की घोषणा की थी।
जर्मनी में भारतीय हॉकी का जादूः महिला टीम ने जीता पदक
एफआईएच जूनियर विश्व कप में रानी रामपाल, नवजोत कौर, मनजीत कोर, नवनीत कौर और पूनम रानी ने हॉकी हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया था।
हॉकी हरियाणा के अध्यक्ष एमएल तायल ने पांचों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह देश के लिए गौरवपूर्ण लम्हा है और विशेषकर हरियाणा के लिए क्योंकि हमारी पांच खिलाड़ियों ने विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया।
हॉकी हरियाणा के महासचिव सुनील मलिक ने बताया कि पांचों खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर 29 अगस्त को नकद पुरस्कार दिया जाएगा।