ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह के अंतिम क्षणों में किए गए गोल के दम पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ एक-एक से मुकाबला बराबर करने में सफल रही। भारत ने पहले क्वार्टर के शुरुआती मिनटों में दो गोल बचाए। भारत की शुरुआत औसत रही और ऑस्ट्रेलिया ए ने शुरू से ही दबाव बना लिया।
भारत को 21वें मिनट में झटका लगा जब किरन अरुणासलम ने ऑस्ट्रेलिया ए को 1-0 की बढ़त दिला दी। भारत ने जवाबी हमले में तीन पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए लेकिन एक को भी गोल में तब्दील नहीं कर सका। दूसरी ओर डिफेंडरों ने मेजबान टीम को बढ़त दुगुनी करने से रोके रखा।
भारतीय टीम के लिए हरमनप्रीत सिंह ने 56वें मिनट में ड्रैग फ्लिक पर दूसरे प्रयास में बराबरी का गोल दागा। कोच ग्राहम रीड ने कहा, 'पहले दस मिनट में हमारा प्रदर्शन बहुत खराब था, जबकि पहले मैच में हम अच्छा खेले थे। हम बाद के तीन क्वार्टर में मैच में लौटे। हमें बुधवार को इससे बेहतर प्रदर्शन करके चारों क्वार्टर में अच्छा खेलना होगा।' अब भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टीम से होगा।