भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने वेल्स के खिलाफ हॉकी विश्व कप के शुरुआती मुकाबले में 3-1 की जीत पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट के पहले मैच में अच्छे अंतर से जीत दर्ज करना और पूरे तीन अंक हासिल करना टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण था।
कप्तान ने जताई खुशी
हरमनप्रीत ने मुकाबले के बाद कहा, 'हमने बहुत अच्छा खेला। हमारा लक्ष्य लगातार मौके बनाना और मैच दर मैच गोल करना है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि मैन ऑफ द मैच कौन है या गोल कौन कर रहा है। टीम के लिए गोल करना जरूरी है।' कप्तान ने कहा कि विश्व कप की शुरुआत जीत के साथ करना सकारात्मक रहा। उन्होंने कहा, 'अच्छी जीत के साथ शुरुआत करना जरूरी था। हमने 3-1 से जीत हासिल की और तीन अंक लिए, जो अच्छा नतीजा है।'
गलतियों से सीखने पर जोर
वेल्स ने मैच के अंतिम मिनटों में गोल कर भारत को क्लीन शीट से वंचित कर दिया। इस पर हरमनप्रीत ने कहा कि टीम अपनी गलतियों से सीख लेगी और आगामी मुकाबलों में उन्हें दोहराने से बचने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा, 'हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश की, लेकिन वेल्स ने भी अच्छा खेला। यह सिर्फ पहला मैच था और हम भविष्य के मुकाबलों में गलतियां नहीं दोहराने की कोशिश करेंगे।'
तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर से
भारत ने वेल्स के खिलाफ अपने तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिए किए। कोच क्रेग फुल्टन लगातार फील्ड गोल पर जोर देते रहे हैं। इस बारे में पूछे जाने पर हरमनप्रीत ने कहा कि भारतीय फॉरवर्ड लाइन ने अच्छा प्रदर्शन किया और कई पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। उन्होंने कहा, 'हमारी फॉरवर्ड लाइन ने अच्छा प्रदर्शन किया और कई पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। चाहे खिलाड़ी फील्ड गोल करें या पेनल्टी कॉर्नर हासिल करें, टीम के लिए गोल महत्वपूर्ण हैं।'
पदक जीतने को लेकर आश्वस्त
विश्व कप से पहले टीम के प्रदर्शन में आए उतार-चढ़ाव को लेकर हरमनप्रीत ने कहा कि खेल में ऐसा होता रहता है। उन्होंने कहा कि फिलहाल टीम का पूरा ध्यान विश्व कप पर है और खिलाड़ी अच्छी फॉर्म में हैं। भारतीय कप्तान ने कहा, 'अभी टीम का पूरा ध्यान विश्व कप पर है। हम अच्छी फॉर्म में हैं, अच्छी तरह तैयार हैं और पोडियम पर जगह बनाने को लेकर आश्वस्त हैं।'