पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (पीएचएफ) ने कहा कि फंड की कमी के कारण उनकी राष्ट्रीय टीम का अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट में खेलना मुश्किल होगा। पीएचएफ ने कहा कि जब तक सरकार फंड देने का वायदा नहीं करती तब तक हम राष्ट्रीय टीम के अलावा जूनियर टीम को मलयेशिया भेजने की स्थिति में नहीं हैं।
पीएचएफ सचिव आसिफ बाजवा ने कहा, ‘पीएचएफ की वित्तीय हालत बहुत कमजोर है क्योंकि सरकार ने हमें 100 मिलियन रुपये देने का वायदा किया था लेकिन वो अभी तक हमें मिले नहीं हैं। पंजाब सरकार ने भी हमें 30 मिलियन रुपये देने का वायदा किया था, वो भी अभी तक हमारे पास नहीं पहुंचे।
उन्होंने कहा कि हालांकि हमारे पास स्पांसर हैं लेकिन यह एक महंगा खेल है और हमने विदेशी दौरों पर काफी पैसा खर्चे किया है। सुरक्षा कारणों से कोई विदेशी टीम पाकिस्तान का दौरा नहीं कर रही है और इसलिए हम ज्यादा पैसा नहीं कमा पा रहे हैं। खिलाड़ी भी काफी बेचैन हैं क्योंकि एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी जीतने के बाद प्रधानमंत्री ने नकद पुरस्कार देने का वायदा किया था और हमें वो पैसा भी नहीं मिला है।’