फीफा विश्व कप दूसरे दौर के क्वालिफाइंग मैच में एशियाई चैंपियन कतर को गोलरहित ड्रॉ पर रोकने के बाद भारतीय गोलकीपर गुरप्रीत सिंह ने कहा कि फुटबॉल में कुछ भी संभव है। भारत को 15 अक्तूबर को बांग्लादेश से खेलना है।
विश्व कप 2022 के क्वालिफायर मैच में मंगलवार रात्रि को भारत ने एशियाई चैंपियन कतर को बिना किसी गोल के ड्रॉ पर रोक दिया। इगोर स्टीमाक की टीम लिए यह ड्रॉ खेलना किसी जीत से कम नहीं है। भारतीय टीम ने ओमान के खिलाफ पिछले मैच में मिली 1-2 की हार से उबरते हुए इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया।
अपने करिश्माई कप्तान सुनील छेत्री के बगैर खेलते हुए भी भारत की युवा टीम ने जनवरी में एशिया कप जीतने वाले कतर को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। छेत्री की जगह कप्तानी करने वाले गुरप्रीत ने कहा,‘मुझे अपनी टीम के प्रदर्शन पर फख्र है।’
उन्होंने कहा,‘टीम प्रयासों से हमें सफलता मिली। इससे क्वालिफायर में काफी मदद मिलेगी।’ उन्होंने कहा, ‘हमने अभी दो ही मैच खेले हैं और दोनों मजबूत टीमों से सामना हुआ है । इससे आत्मविश्वास बढे़गा और फुटबॉल में कुछ भी संभव है।’ गुरप्रीत ने कहा,‘ सभी ने अच्छा प्रदर्शन किया और अपना सौ फीसदी देने की कोशिश की। इससे हम संतुष्ट होकर ड्रेसिंग रूम में लौटे।’
भारतीय कोच इगोर स्टीमाक ने कहा,
मैं एशियाई चैंपियन कतर से एक अंक लेकर बहुत अधिक खुश हूं। सारा श्रेय मेरे खिलाड़ियों को जाता है। खिलाड़ियों को एक संदेश देना चाहता हूं। बस अपना सिर नीचे रखें, हमने केवल एक अंक हासिल किया है। अगर हम बांग्लादेश और अफगानिस्तान के खिलाफ मैच नहीं जीतते हैं, तो इस अंक का कोई मतलब नहीं रहेगा।