एफआईएच चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को भारत जब बेल्जियम का सामना करने उतरेगा तो उसकी निगाहें बदला चुकता करने पर होगा। चैंपियंस चैलेंज टूर्नामेंट के फाइनल में बेल्जियम ने भारतीय टीम को हराकर उससे खिताब छीन लिया था। इस बार टीम इंडिया कोई गलती किए बिना जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाना चाहेगी।
लेकिन भारत के लिए चोटिल खिलाड़ियों की लगातार बढ़ती संख्या ने मुसीबत खड़ी कर दी है। इस बारे में टीम के कोच माइकल नोब्स ने कहा, ‘चोटिल खिलाड़ियों से थोड़ी मुश्किल हो गई है। सरदार सिंह और मनप्रीत सिंह और एसवी सुनील की चोट में सुधार हुआ है।
मुझे उम्मीद है कि क्वार्टर फाइनल में यह खिलाड़ी जरूर उतरेंगे।’ बेल्जियम की चुनौती के बारे में नोब्स ने कहा, ‘हम इस मुकाबले को जीतने के लिए बेताब हैं। चैंपियंस चैलेंज के फाइनल में बेल्जियम जीती नहीं थी बल्कि हम हारे थे। यह मुकाबला हमारी गिरफ्त में था लेकिन आखिरी कुछ मिनटों में हम मात खा गए थे।’ बुधवार को ज्यादातर भारतीय खिलाड़ियों ने चोट से बचने के लिए अभ्यास करने के बजाय होटल में आराम करना बेहतर समझा।