फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हॉकी विश्व कप: ऑस्ट्रेलिया ने किया जीत से आगाज तो चीन ने इंग्लैंड को किया ड्रॉ पर विवश

Sat, 01 Dec 2018 12:45 AM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
Hockey World Cup 2018
विज्ञापन

ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को यहां कमजोर आयरलैंड पर 2-1 की संघर्षपूर्ण जीत से हाकी विश्व कप में खिताब की हैट्रिक पूरी करने के अपने अभियान की शुरुआत की। विश्व में नंबर एक ऑस्ट्रेलिया ने 2010 और 2014 में खिताब जीते थे। वह खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में इस टूर्नामेंट में उतरा है लेकिन पहले मैच में वह प्रभावशाली प्रदर्शन नहीं कर पाया।

विज्ञापन


विश्व में दसवें नंबर के आयरलैंड ने आक्रमण और रक्षण में अच्छा खेल दिखाकर ऑस्ट्रेलिया को काफी परेशान किया। ऑस्ट्रेलिया का पेनल्टी कार्नर में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा। वह पांच में से केवल एक पेनल्टी कार्नर को ही गोल में बदल पाया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ब्लैक गोवर्स (11वें मिनट) और टिम ब्रांड (34वें मिनट) ने गोल किये जबकि आयरलैंड की तरफ से एकमात्र गोल शेन ओ डोनोगे (13वें मिनट) ने किया।

दोनों टीमों के बीच काफी अंतर है लेकिन आयरलैंड ने पहले दो क्वार्टर में ऑस्ट्रेलिया की पूरी तरह से बराबरी की। वह आयरलैंड था जिसने गोल में पहला शाट जमाया लेकिन ऑस्ट्रेलियाई गोलकीपर एंड्रयू चार्टर ने सीन मर्रे और मैथ्यू नेल्सन दोनों के शाट बचाकर संकट आल दिया।
विज्ञापन


ऑस्ट्रेलिया खेल आगे बढ़ने के साथ आत्मविश्वास में दिखा और उसे 11वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला। आयरलैंड ने वीडियो रेफरल मांगा जिसके बाद अंपायर का फैसला बदल दिया गया और ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी कार्नर मिला। गोवर्स ने फ्लिक से इसे गोल में बदला।

ऑस्ट्रेलिया की बढ़त हालांकि दो मिनट तक रही और ओ डोनोगे ने मर्रे से मिली गेंद पर गोल करके स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। दूसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया लेकिन गोल नहीं कर पायी। इस क्वार्टर में आयरलैंड ने भी पेनल्टी कार्नर गंवाया जबकि अंतिम क्षणों में ऑस्ट्रेलिया दो पेनल्टी कार्नर का फायदा नहीं उठा सका।

ऑस्ट्रेलिया ने आखिर में मध्यांतर के बाद चौथे मिनट में गोल करके बढ़त बनायी और उसे आखिर तक बनाये रखा। कोरे वेयर मध्यपंक्ति से गेंद लेकर आगे बढ़े और उन्होंने उसे बाक्स के अंदर अकेले खड़े ब्रांड को थमाया जिन्होंने दूसरे प्रयास में गोल किया।

चीन ने इंग्लैंड को किया ड्रॉ पर विवश

ड्रैग फ्लिकर तलाके दू के अंतिम पेनल्टी कॉर्नर पर दागे गोल की बदौलत पहली बार हॉकी विश्व कप में शिरकत कर रही दुनिया की 17 वें नंबर की टीम चीन ने विश्व रैंकिंग में अपने से दस पायदान ऊपर इंग्लैंड को पूल बी में 2-2 की बराबरी पर रोक  कर बड़ा उलटफेर किया। 

चीन ने मैच ड्रॉ करा यहां कलिंगा हॉकी स्टेडियम में मौजूद हॉकी प्रेमियों का दिल जीत लिया। चीन ने इस ड्रॉ के साथ यह साबित किया मैदान पर किसी भी टीम की रैंकिंग से ज्यादा अहम है उसका संकल्प और दिन विशेष का खेल। चीन की टीम हॉकी विश्व कप के इतिहास में ऐसी नौवीं टीम बन गई जिसे अपने पदार्पण मैच में हार का सामना नहीं करना पड़ा।

जियाओपिंग के पांचवें मिनट में दागे बेहतरीन गोल से चीन के बढ़त लेने के बाद मार्क ग्लीहॉर्न के पेनल्टी कॉर्नर पर और लियाम एंसेल के मैदानी गोल की बदौलत जब48वें मिनट में इंग्लैंड ने 2-1 की बढ़त ले ली तो थी तब उसकी जीत तय दिखाई दे रही थी।

मैच के अंतिम पूर्व मिनट में मिले चौथे और अंतिम पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिकर पर तलाके दू ने गोल कर चीन को बराबरी दिला मैच ड्रॉ करा कर साबित कर दिया कि यह विश्व कप वाकई बहुत खुला रहने वाला है। चीन की इस टीम की बाबत एक रोचक बात यह है कि इसकी टीम में सभी खिलाड़ी इनर मंगोलिया प्रांत और एक ही क्लब के खिलाड़ी हैं।
विज्ञापन

इंग्लैंड जैसी टीम को ड्रॉ पर रोकने में सफल रहेः चीन के कोच 

चीनी खिलड़ियों के पास भले ही अनुभव कम था लेकिन अपने जीवट और अपने दक्षिण कोरियाई कोच सांग रियुल किम के मार्गदर्शन में हॉकी की सही बेसिक्स दिखाई। ड्रॉ के बाद चीन के कोच सांग रियुल किम ने कहा, ‘मैं अपनी टीम के इंग्लैंड जैसी टीम के खिलाफ दो गोल करने से हैरान हूं। फिर भी मुझे इस बात की खुशी है कि हम इंग्लैंड जैसी टीम को ड्रॉ पर रोकने में सफल रहे।'

दक्षिण कोरिया को ओलंपिक में पहुंचा कर बतौर कोच सुर्खियों में आए सांग रयुल किम के मार्गदर्शन में चीन ने तूफानी अंदाज में आगाज किया। जियाओपिंग गुओ ने हॉकी की बेहतरीन कलाकारी दिखाते हुए पांचवें मिनट में मैदानी गोल कर चीन को 1-0 की बढ़त दिला कर स्टेडियम में मौजूदा करीब 14 हजार हॉकी प्रेमियों को चौंका दिया।

मार्क ग्लीहॉर्न ने नौ मिनट बाद मिले पहले पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर इंग्लैंड को एक-एक की बराबरी दिला दी। चीन ने दूसरे क्वॉर्टर के तीसरे मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए लेकिन इन पर तलाके दू के तीनों ड्रैग फ्लिक को इंग्लैंड के गोलरक्षक जॉर्ज पिनार ने रोक कर चीन को बढ़त लेने से रोक दिया। तीन मिनट बाद इंग्लैंड को लगातार दो और पेनाल्टी कॉर्नर मिले लेकिन ये बेकार गए।

चौथे और आखिरी क्वॉर्टर के तीसरे मिनट में चीन की रक्षापंक्ति की क्षणिक भूल का लाभ उठाकर लियाम एंसेल ने दाएं से डी में घुसकर तेज वॉली लगाकर गोल कर इंग्लैंड को 2-1 से आगे कर दिया। तलाके दू ने दूसरे क्वार्टर में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर पर चूकने के बाद अपनी गलती को सुधारते हुए चौथे और अंतिम पर गोल कर चीन को दो-दो से बराबरी दिला दी। जैसे ही चीन की टीम मैदान से बाहर आई तो दर्शकों ने बेहतरीन हॉकी खेलने के लिए उनका तालियां बजाकर खूब स्वागत किया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें