एशिया कप के तीसरे और सुपर-4 मैच में अब तक अपराजित रहे भारत का मुकाबला चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से शनिवार शाम 5 बजे होगा। जीत का सिलसिला कायम रखते हुए भारतीय टीम पाक को धूल चटाने के मकसद से मैदान पर उतरेगी। टूर्नामेंट में भारतीय हॉकी टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। इस वजह से टीम का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है।
ग्रुप में शीर्ष मौजूद भारतीय टीम का मुकाबला विश्व रैंकिंग में 13 स्थान पर मौजूद पाक से होगा। हॉकी में पाक का इतिहास का काफी अच्छा रहा है, लेकिन फिलहाल उसकी टीम विपरीत परिस्थिति से गुजर रही है। अगर शनिवार को भारत पाकिस्तान के साथ मैच ड्रॉ भी खेल लेता है तो उसे रविवार को फाइनल में खेलने का मौका मिल जाएगा। क्योंकि भारतीय हॉकी टीम का गोल अंतर किसी भी टीम से बेहतर है। पर भारत के लिए ऐसा करना आसान नहीं होगा। क्योंकि पाक के पास खोने के लिए कुछ नहीं है और वह भारत जैसे प्रतिद्वंद्वी से मैच जीतने के लिए जान की बाजी लगा दे।
पढ़ेंः- एशिया कप के लिए अंडर-19 टीम घोषित, हिमांशु राणा होंगे कप्तान
हालांकि ऐसा करना पाक के लिए मुश्किल होगा। क्योंकि उसे भारत को बड़े अंतर से हराना होगा तभी उसकी फाइनल में प्रवेश करने की संभावना बन सकती है। इसके अलावा उसका भाग्य अगले सुपर-4 मैच के परिणाम पर निर्भर करेगा।
कोरिया को बराबरी पर रोका
भारतीय टीम ने अपने पहले सुपर-4 मैच में मजबूत टीम दक्षिण कोरिया को बराबरी पर रोक बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। इस टूर्नामेंट में भारत ने अब तक कुछ बेहतरीन गोल दागे हैं, जिसे याद रखा जाएगा। कोरिया के खिलाफ ड्रॉ खेलकर भारत ने अपनी तैयारी का सुबूत दिया। दूसरे सुपर-4 मैच में भारत मलयेशिया को 6-2 से रौंद दिया। सुपर-4 स्टेज के अंक तालिका में भारत 4 प्वाइंट्स के साथ शीर्ष पर कायम है। इसमें भारत ने एक मैच में जीत दर्ज की है, जबकि दूसरे मैच में ड्रॉ खेला। दूसरे स्थान पर 3 प्वाइंट्स के साथ मलयेशिया, तीसरे स्थान पर दो प्वाइंट्स के साथ कोरिया और चौथे स्थान पर एक अंक से साथ पाकिस्तान है।
फॉर्म में भारतीय स्ट्राइकर
भारतीय हॉकी टीम के स्ट्राइकर आकाशदीप सिंह, रमनदीप सिंह, एसवी सुनील, ललित उपाध्याय और युवा गुरजीत सिंह प्रचंड फॉर्म में हैं। उन्होंने अग्रिम पंक्ति में जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया है। भारतीय टीम का मध्य क्रम भी कप्तान मनप्रीत सिंह और चिंगलेनसाना सिंह की मौजूदगी में काफी मजबूत दिख रही है। वहीं, अनुभवी सरदार सिंह भी बेजोड़ खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय टीम टूर्नामेंट में खराब प्रदर्शन के बावजूद पाकिस्तान को हल्के में नहीं ले रही है। क्योंकि भारत-पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले का परिणाम उसके हालिया प्रदर्शन के आधार पर नहीं होता है। रिजल्ट मैदान पर दबाव झलने की क्षमता पर निर्भर करता है, जो टीम अच्छे तरीके से प्रेशर झलेगी वही विजेता होगी।